भारतीय मौसम विभाग ने देश की राजधानी नई दिल्ली में 19 और 20 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 18,19 और 20 जनवरी की सुबह बेहद घना कोहरा होने का अनुमान है। इसके बाद दिन के समय आसमान साफ रहने की संभावना है। बुधवार को राजधानी नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार सातवें दिन ‘शीत दिवस’ की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज के अनुसार, उत्तर भारत में अगले चार से पांच दिन तक बहुत घना कोहरा पड़ने की संभावना है। इस दौरान ‘कोल्ड डे’ का अनुमान जताया गया है। नॉर्थ वेस्ट इंडिया के लिए भी अगले पांच दिनों तक शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति का अनुमान जताया गया है। IMD के अनुसार, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5°C के बीच रहा। दिल्ली, यूपी, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में तापमान 6-10 डिग्री के बीच रहा।

पंजाब, हरियाणा भीषण शीत लहर की चपेट में

पंजाब और हरियाणा में बुधवार को भी शीत लहर का दौर जारी रहा। दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे रहा। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के बल्लोवाल सौंखरी में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में शीत लहर के साथ न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री और पटियाला में 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री तक कम है। 

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ भी शीतलहर की चपेट में रही। यहां जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। इसके अलावा, अंबाला में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, हिसार में 5.8 डिग्री, नारनौल में 3.5 डिग्री और रोहतक में 6.4 डिग्री, भिवानी में 3.5 डिग्री और सिरसा में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।