देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) में सोमवार को सीजन का सबसे घना कोहरा (dense fog) छाया रहा। वहीं अब मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि 11 और 12 जनवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश (Jammu & Kashmir and Himachal Pradesh) में बर्फ़बारी की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि (RK Jenamani) ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “दिल्ली में आज मौसम के सबसे खराब कोहरे की स्थिति देखी गई। घने कोहरे के कारण दिल्ली में आज तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 11 जनवरी की रात और 12 जनवरी की सुबह दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में हल्की बूंदा बांदी होने की संभावना है। 11 और 12 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी की संभावना है।
शीत लहर की भविष्यवाणी
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 9 जनवरी को उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में शीत लहर की स्थिति जारी रहेगी। वहीं विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और बिहार में भी 9 और 10 जनवरी को शीत लहर की स्थिति देखने को मिलेगी और उसके बाद इसमें कमी आएगी। जबकि 9 और 10 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में गंभीर कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया, “अगले 2 दिनों के दौरान पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। अगले 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र (Maharashtra) के अधिकांश हिस्सों और पेनिसुलर इंडिया के उत्तरी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।”
बता दें कि सोमवार को हरियाणा का हिसार कड़ाके की ठंड वाला स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जनवरी से तापमान में वृद्धि हो सकती है।