दिल्ली में आज अचानक मौसम परिवर्तन के चलते कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। गर्मी के बीच देशभर के मौसम का हाल बदल गया है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों समेत कई राज्यों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ में 18 से 20 मार्च 2023 तक बारिश की संभावना है। पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में भी बारिश हो सकती है। वहीं, दिन के वक्त तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। देश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई है जिसके चलते फसल खराब होने की संभावना है।

दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत आसपास के कई इलाकों में आज सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन दिल्ली में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है।

19 और 20 मार्च को भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। हरियाणा , उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि, दिल्ली, उत्तरी दिल्ली में कुछ बूंदाबांदी, हल्की बारिश को छोड़कर अधिकांश बादल दिल्ली से दूर चले गए हैं।

मैदानों और पहाड़ों पर बारिश

गुजरात में 21 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। तीन दिन बाद छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिशके चलते आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। देश भर के मैदानी इलाकों और पहाड़ों पर 16, 17, 18, 19, 20 और 21 मार्च को बारिश की संभावना है। यह बारिश एक सप्ताह तक जारी रहेगी। 18, 19 और 20 मार्च को मैदानी इलाकों और पहाड़ों पर अधिक बारिश होगी।