दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली है, जिससे ठंड का असर बढ़ता हुआ महसूस हो रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद रात का तापमान तेजी से गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों में कोहरे में थोड़ी कमी आई है, लेकिन ठंडी हवाओं ने सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर का मौसम इसी तरह स्थिर रहेगा। उनका कहना है कि 30 नवंबर तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से मौसम सुहाना रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय सर्दी का असर अधिक महसूस होगा। वैज्ञानिक ने बताया कि हल्का कोहरा जारी रह सकता है, खासकर सुबह और रात के वक्त। हालांकि, दोपहर तक आसमान साफ रहने और धूप खिलने की उम्मीद है। ठंडी हवाएं जारी रहेंगी, जिससे रात का तापमान स्थिर बना रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही, कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सतर्क रहने की जरूरत है।
मैदानी इलाकों में ठंड का बढ़ता असर, पहाड़ों पर बर्फबारी का संकेत
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बढ़ती ठंड पहाड़ों पर बर्फबारी का संकेत है। IMD ने चेतावनी दी है कि दिल्ली और आसपास के राज्यों, जैसे हरियाणा और पंजाब में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हुआ है, वहीं ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। लखनऊ सहित यूपी के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है।
शुक्रवार को भी राजधानी में एयर क्वालिटी 400 से नीचे दर्ज की गई है। समीर ऐप के अनुसार दिल्ली में आज सुबह 6 बजे औसत एक्यूआई 373 रहा। इस दौरान 8 इलाकों का एक्यूआई 400 से ज्यादा रहा। इनमें आनंद विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, नेहरू नगर, शादीपुर, सोनिया विहार और वजीरपुर शामिल हैं। वहीं लोधी गार्डन का एक्यूआई सबसे कम रहा। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक 272 दर्ज किया गया।
कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया है जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हाल ही में हुई हिमपात के कारण घाटी में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और कश्मीर के अन्य स्थानों पर लगातार दूसरी रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा और पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। पिछले सप्ताह कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में हिमपात हुआ जिसके कारण पूरी घाटी में ठंड बढ़ गई। मौसम कार्यालय के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसकी पिछली रात यहां तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
देश के कई हिस्सों में तापमान में कमी आई है, हालांकि पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा।
दिल्ली में एक सप्ताह तक प्रदूषण के गंभीर स्तर से बेहाल रहने के बाद, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन यह अभी भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। बृहस्पतिवार की सुबह मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में सर्दी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है जहां बीती रात न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार बीती रात न्यूनतम तापमान सीकर में 7.0 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 8.1 डिग्री, चूरू में 8.6 डिग्री, संगरिया और भीलवाड़ा में 9.7 डिग्री सेल्सियस, करौली में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, माउंट आबू में यह पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई और बुधवार की रात तापमान गिरकर 11.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। शहर कोहरे और सर्द हवाओं के आगोश में समाया रहा तथा दिन का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मंगलवार को दर्ज किए गए तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। सोमवार को मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात दर्ज की गई जब तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि रविवार रात यह 16.2 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में आर्द्रता का स्तर 84 से 63 प्रतिशत के बीच रहा।
दक्षिण पश्चिम बंगाल के उरुलिया जिले में मंगलवार को उत्तर के कई हिल स्टेशनों की तुलना में काफी कम तापमान दर्ज किया गया, क्योंकि पारा 12.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। दूसरी ओर, राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित हिल स्टेशन कलिम्पोंग में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।