IMD Weather Forecast Today, आज का मौसम: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। राजधानी दिल्ली में तापमान काफी समय बाद 40 डिग्री से नीचे आया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने जल्द ही मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है। इस बीच 25 और 26 जून को राजधानी के कुछ इलाकों में लू की संभावना है। इसके बाद 27 जून से एक बार फिर बारिश और आंधी शुरू हो जाएगी। मौसम एक्सपर्ट का भी कहना है कि 28 जून तक मॉनसून दिल्ली में एंट्री ले सकता है और जुलाई के पहले हफ्ते में यह पूरे देश को कवर कर लेगा। दूसरी तरफ मौसम विभाग की मानें तो 23 जून को पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट के लिए बने रहिए जनसत्ता.कॉम के साथ
शनिवार के बाद रविवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली है। दिल्ली में अक्षरधाम और नोएडा के आसपास के इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 23 जून से 29 जून तक गरज और चमक के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 24 और 25 जून को हल्की बारिश हो सकती है। 26 जून को बादल छाए रहेंग। 27 जून से फिर बारिश का दौर शुरू होगा और आगे चलता रहेगा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कई जगह पर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इससे न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है। 24 से 26 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी के गोरखपुर में आसमान में बादल मौजूद हैं। हल्की बारिश हुई। दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस व रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। जिले में बीते दो दिनों से मौसम के मिजाज में बदलाव हुआ है। शनिवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी में पूरवा चली। औसतन सात से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-पूरब दिशा से हवाएं चली।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून 23 जून को आ जाना चाहिए। लेकिन इसमें देरी हो रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 55.5 मिमी बारिश 22 जून को होना चाहिए थी लेकिन हुई मात्र 13.5 मिमी। इसी तरह पश्चिमी में 40.9 मिमी होनी चाहिए थी लेकिन हुई मात्र 9.0 मिमी। इस तरह करीब 76 फीसदी बारिश अब तक कम रही है। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों में बारिश होगी जिसमें 24 से 26 जून के बीच सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
मुंबई में रविवार सुबह से तेज बारिश जारी है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। शनिवार को भी मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश देखने को मिली थी। महाराष्ट्र के अधिकांश इलाकों तक मानसून पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में जारी प्री-मानसून थंडरस्टार्म के कारण प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण शनिवार को प्रदेश से लू की स्थिति समाप्त हो गई है। 25 जून तक पश्चिमी यूपी में तापमान वृद्धि के फलस्वरुप इसके कहीं-कहीं फिर से परिलक्षित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
आईएमडी (IMD) ने यूपी में मानसून को लेकर बड़ी खबर दी है। 23 जून को मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश के पांच महानगरों में प्रवेश करेगा। जिसका असर बारिश के रूप में सामने आएगा। मौसम विभाग के अनुसार कानपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन में बारिश की 34 प्रतिशत संभावना है। रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। रात और दिन में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली, आगरा, झांसी, मैनपुरी और बिजनौर में आगामी 24 जून को मानसून पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो 23 जून को पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके साथ ही 28 जून तक प्रदेश में बारिश होने का सिलसिला जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 30 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 24 जून को भी बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान बढ़कर 41 और न्यूनतम 30 डिग्री रहेगा। 25 और 26 जून को कुछ इलाकों में लू फिर से वापसी ले सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में पारा करीब 40 दिनों के बाद 40 डिग्री के नीचे आया है। 12 मई को यह 39.8 डिग्री था। 13 मई को तापमान 40.2 डिग्री रहा था। 13 मई से ही अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ था। यह राजधानी में गर्मी का सबसे लंबा स्पेल रहा। अब 40 दिन बाद अधिकतम तापमान कम होकर 39.4 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है।