योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि कांग्रेस ने देश से धोखा किया है। रामदेव ने कहा कि बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी काला धन सहित मेरे द्वारा उठाए गए अन्य सभी मुद्दों से पूरी तरह सहमत हैं। 2014 के इंटरव्यूह में उनका कहना था कि मोदी को एक बार मौका मिलना चाहिए।
एनडीटीवी इंडिया पर आयोजित साक्षात्कार में पत्रकार अभिज्ञान प्रकाश ने जब उनसे पूछा कि आपने इंडिया अगेंस्ट करप्शन खड़ा किया, पर मायूसी हासिल हुई। अन्ना हजारे का समर्थन किया तो आपके साथ क्या हुआ ये सबको पता है। आप मौका देते रहते हैं और आपके साथ धोखा हो जाता है। पत्रकार का सवाल था कि अगर नरेंद्र मोदी ने धोखा दिया तो क्या करेंगे। रामदेव का कहना था कि तब भी देश मेरे साथ रहेगा। उनका ये भी कहना था कि इस बार उन्हें उम्मीद है कि धोखा नहीं मिलेगा। मोदी को मौका देना चाहिए।
रामदेव ने कहा कि देश उनके साथ इस वजह से रहेगा क्योंकि उनकी कोई अपेक्षा नहीं है। वो खालिस सेवा भाव से काम करते हैं। बीड़ी सिगरेट तो दूर की बात है, उन्हें अनाज खाने का भी शौक नहीं है। वो अगले 50 सालों की योजना बनाकर काम कर रहे हैं। कांग्रेस की वजह से ही विगत कुछ वर्षों में देश में निराशा का वातावरण पैदा हुआ है।
पत्रकार ने पूछा कि आपके समर्थन के फिक्स डिपॉजिट का चेक नरेंद्र मोदी कैश कर ले गए और उसके बाद भी आपको कुछ नहीं मिला तो क्या ये गच्चा खाना नहीं होगा। रामदेव का कहना था कि ऐसा नहीं होगा। मोदी जी की सरकार बनने के बाद सारे उद्देश्य पूरे होंगे। काले धन को वापस लाया जाएगा।
रामदेव ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन से लेकर और उसके बाद तक कांग्रेस एक बड़ी राजनीतिक पार्टी रही है, लेकिन विगत समय में उसकी नीतियां निराश करने वाली रही। सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वो विदेशों से कंट्रोल होती हैं। उनके सामने एक देसी विकल्प है। देश उस विकल्प को अपनाने जा रहा है। देश सारा कांग्रेस से त्रस्त है।
उनका कहना था कि जिसने देश के साथ धोखा किया है उसे अपने कर्मों का हिसाब देना होगा। उनका कहना था कि उन्हें न तो कोई पद चाहिए और न ही उन्हें कभी चुनाव लड़ना है। ये उनकी भीष्म प्रतिज्ञा है। वो केवल शैतानों का राज खत्म करना चाहते हैं।