साल 2016 के लिए 100 सबसे ताकतवर भारतीयों की इंडियन एक्सप्रेस पावर लिस्ट जारी हो गई है। इस सूची में राजनीति, खेल, सिनेमा, सामाजिक और अार्थिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से इस सूची में टॉप पर रहे हैं। वहीं अन्य नेताओं में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल के नाम टॉप में आते हैं। खेल जगत में सबसे ऊपर नाम विराट कोहली का रहा। सफलता की नई इबारत लिख रहीं सानिया मिर्जा भी इस सूची में जगह बनाने में सफल रही। आरएसएस सर संघचालक मोहन भागवत दूसरे पायदान पर हैं। टीवी एंकर अरनब गोस्वामी और रवीश कुमार भी सबसे ताकतवर भारतीयों की सूची में शामिल हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की 100 मोस्ट पावरफुल इंडियंस 2016 (सबसे प्रभावशाली भारतीय) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नंबर एक पर हैं। वह पिछले साल भी इसी पायदान पर थे। साल 2014 में मोदी 15वें नंबर पर थे।
इस सूची में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत नंबर दो पर और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह नंबर तीन पर हैं। पिछले साल भागवत नंबर तीन पर थे और अमित शाह नंबर दो पर।
100 मोस्ट पावरफुल इंडियंस की लिस्ट में राजनेताओं, कारोबार जगत से जुड़े लोगों, फिल्म स्टारों, खिलाड़ियों और मीडिया से जुड़े लोगों का दबदबा है। हालांकि इस सूची में एक भी कवि, लेखक, पेंटर या कला जगत से जुड़ा नाम नहीं है।
लिस्ट में प्रतिबंधित संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) के महासचिव एम लक्ष्मण राव उर्फ गणपति 65वें नंबर पर हैं। इनमें 85 लोग पिछले साल की लिस्ट में भी थे। केवल 15 नए लोग इसमें जगह बनाने में सफल हुए।
इस साल के नए नामों में हिंदी पत्रकार रवीश कुमार (100), बीजेपी के महासचिव राम माधव (51), पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती (14), आरएसएस के संयुक्त महासचिव कृष्ण गोपाल (61), बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी (90) और ज़ी टीवी के मालिक सुभाष चंद्रा (92) प्रमुख हैं।
करीब 50 राजनेता, 19 उद्योगपति, आधे दर्जन से अधिक ब्यूरोक्रेट, छह खिलाड़ी, छह मीडियापर्सन इंडियन एक्सप्रेस की लिस्ट में शामिल हैं।
लिस्ट में उद्योगपतियों में सबसे ऊपर मुकेश अंबानी (16) हैं। उनके बाद टाटा ग्रुप के चेयरमैन सायरस पी मिस्त्री (21) हैं। गौतम अडानी (31) भी इस सूची में शामिल हैं। भारतीय सेना अध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह 61वें नंबर पर हैं।
न्यायपालिका से जुड़े लोगों में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर (11), सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जेएस केहर (41), सीनियर एडवोकेट फाली एस नरीमन (48) और सीनियर एडवोकेट प्रशांत भूषण (64) लिस्ट में शामिल हैं।
खिलाड़ियों में सबसे ऊपर विराट कोहली हैं, जिन्हें 42वें नंबर पर रखा गया है। उनके बाद साइना नेहवाल (84), सानिया मिर्जा (85) और महेंद्र सिंह धोनी (89) हैं।
बॉलीवुड सेलेब्रिटीज में आमिर खान (72) सबसे ऊपर हैं। उनके अलावा लिस्ट में करण जौहर (76), सलमान खान (83) दीपिका पादुकोण (93), शाहरुख खान (97) और प्रियंका (98) शामिल हैं।
लिस्ट में केवल 16 महिलाओं को जगह मिली है।
मोदी मंत्रिमंडल के 11 सदस्य इस लिस्ट में शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रियों के अलावा उनके करीबी माने जाने वाले कई ब्यूरोक्रेट और कारोबारियों को भी सूची में शामिल किया गया है।
सबसे ताकतवर भारतीयों की लिस्ट देखनें के लिए यहां क्लिक करें