महाराष्ट्र के मुंबई में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी से झूठा बोला कि वह कोरोना वायरस पॉजिटिव हो गया है। उसने पत्नी से खुद के कोविड सेंटर में भर्ती होने और परिवार को संक्रमण से बचाने का बहाना बनाया। हालांकि, वास्तविकता में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फरार हो गया। हैरान कर देने वाली यह कहानी नवी मुंबई के वाशी (Vashi) की है।
24 जुलाई की रात 28 साल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया, ‘मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं अब जी नही सकता।’ पत्नी कुछ समझ पाती इसके पहले ही पति का फोन बंद हो गया। परेशान पत्नी का जब पति से संपर्क नहीं हो पाया तो उसने अपने भाई को फोन कर बताया। पुलिस में पति के लापता होने की शिकायत की। इसके बाद पति की खोजबीन शुरू हुई। वाशी सेक्टर नंबर 17 में सड़क पर उसकी मोटरसाइकिल, चाबी, बैग और हेलमेट भी मिला, लेकिन उस व्यक्ति का कुछ पता नही चला। एसीपी विनायक वत्स के मुताबिक, वाशी पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की। सीसीटीवी खंगाले गए। मोबाइल लोकशन पता करने की कोशिश की गई।
सड़क से लगी खाड़ी में नाव के जरिये भी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नही चला। व्यक्ति ने उस रात 100 नंबर पर भी 2 बार डायल किया था इसलिए किसी से दुश्मनी, लूटपाट या झगड़ा के एंगल से भी जांच की गई। इसी बीच पुलिस को व्यक्ति के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और उसकी नए सिरे से तलाश शुरू की। महीने भर की मशक्कत के बाद उसके इंदौर में होने का पता चला।
वाशी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजीव धुमाल के मार्गदर्शन में एक टीम इंदौर पहुंची। पुलिस ने वहां व्यक्ति को अपनी प्रेमिका के साथ पाया। वह इंदौर में अपनी पहचान और नाम बदलकर एक किराए के घर में गर्लफ्रेंड के साथ रह रहा था। 15 सितंबर को पुलिस उसे पकड़कर नवी मुंबई लाई। सहायक पुलिस आयुक्त विनायक वस्त ने बताया, ‘उस व्यक्ति ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया था। फिर उसी मोबाइल पर नया सिम चालू कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पता किया कि वह मोबाइल इंदौर में चल रहा था।’
