Congress Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का शनिवार (24 दिसंबर) को 108वां दिन है। यात्रा’ शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर से राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई। दिल्ली में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra), रॉबर्ट वाड्रा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बताया कि राहुल गांधी भीषण सर्दी में सिर्फ हाफ टीशर्ट पहनकर कैसे यात्रा कर पा रहे हैं?
BJP के अटैक का सामना कर मजबूत हो गयी है राहुल की बॉडी- Congress नेता कन्हैया कुमार
‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ शामिल हो चुके कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने शनिवार को बताया कि राहुल दिल्ली के ठंडे मौसम में हाफ टी शर्ट पहनकर चलने में कैसे सक्षम हैं? कन्हैया ने न्यूज़ चैनल एनडीटीवी से बातचीत के दौरान कहा, “उनकी बॉडी भाजपा के घृणा के हमलों को सहन करने के बाद ठंड प्रूफ बन गई है, जो कि राहुल गांधी को खासतौर पर पसंद है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब आप इतने ज्यादा अटैक का सामना करते हैं तो आपका शरीर मजबूत बन जाता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील के बीच, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह हरियाणा के फरीदाबाद से दिल्ली में प्रवेश कर गई। राहुल गांधी दिल्ली की कड़कड़ाती ठंड में भी हाफ स्लीवस सफेद टी-शर्ट में बिना गर्म कपड़े पहने घूमते नजर आए।
भाजपा Bharat Jodo Yatra को नजरअंदाज नहीं कर सकी
इस बीच कन्हैया कुमार ने कहा, “बीजेपी की शुरुआती योजना यात्रा को नजरअंदाज करने की थी, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सके क्योंकि उन्होंने लोगों को लगातार इसमें शामिल होते देखा। इस यात्रा का दायरा सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक है और इसमें सद्भावना का संदेश भी है। जिसने श्रमिकों, युवाओं और किसानों जैसे समाज के सभी वर्गों को आकर्षित किया।”
COVID को राजनीतिक बहाना न बनाएं- कन्हैया कुमार
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा फिर अपनी पुरानी गंदी चाल पर लौट आई और भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करना शुरू कर दिया। कोविड प्रोटोकॉल पर कन्हैया ने कि यात्रा केंद्र द्वारा जारी किए गए सभी वैज्ञानिक दिशानिर्देशों का पालन करेगी। उन्होंने कहा, “कोविड एक बीमारी है, बहाना नहीं, इसे राजनीतिक बहाना न बनाएं।”