NCP अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि जनता ने उनकी पार्टी से विपक्ष में बैठने के लिए कहा है और पार्टी ऐसा ही करेगी। शिवसेना की NCP और कांग्रेस के समर्थन से महाराष्ट्र में सरकार बनाने की संभावना की खबरों के बीच पवार ने यह टिप्पणी की।
जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) के नेताओं ने जम्मू कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के खिलाफ अपना मुंडन कराया और जम्मू को राज्य बनाने की मांग की।

दिल्ली में शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल की उपस्थिति में जर्मनी के साथ संयुक्त रूप से रणनीतिक परियोजनाओं पर सहयोग के संबंध में भारतीय रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वीके यादव ने संयुक्त घोषणापत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कुल 131 कार्यकर्ता कश्मीर गए थे, उन्हें राज्य सरकार की मदद से वापस पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है। वे मुर्शिदाबाद, दिनाजपुर और मालदा के रहने वाले हैं।

Live Blog

05:21 (IST)02 Nov 2019
नगालैंड के मुख्यमंत्री ने नगा शांतिवार्ता के सकारात्मक नतीजे की उम्मीद जताई

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने नगा समस्या के समाधान के लिए हो रही बातचीत में उत्पन्न गतिरोध के दूर होने का दावा किया। हालांकि, केंद्र सरकार ने जोर दिया है कि सात दशक पुरानी समस्या के समाधान के लिए अंतिम समझौते पर पहुंचने से पहले वह सभी पक्षकारों से परामर्श करेगी।

04:37 (IST)02 Nov 2019
पुणे में दिखा हैंडग्रेनेड, बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय

पुणे पुलिस: एक क्लीनर द्वारा पुणे रेलवे स्टेशन के पास हथगोले जैसी वस्तु को देखा गया। रेलवे पुलिस ने स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते को सूचित किया और उसे नष्ट कर दिया गया। उसके कुछ हिस्सों को फॉरेंसिक लैब में भेजा गया है। 

Image

02:53 (IST)02 Nov 2019
भारत-फ्रांस सेनाओं का संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू

भारतीय और फ्रांसीसी सेना का 14 दिवसीय संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास बीकानेर के पास महाजन फील्ड  रेंज में शुक्रवार को शुरू हुआ। सदन शक्ति कमान के सिख रेजिमेंट के सैनिकों और फ्रांसीसी सेना के 6वें बख्तरबंद ब्रिगेड के समुद्री इन्फैन्ट्री रेजिमेंट के सैनिकों ने महाजन फील्ड रेंज में उद्घाटन समारोह के साथ ''युद्याभ्यास शक्ति 2019'' का अभ्यास शुरू हुआ।

01:44 (IST)02 Nov 2019
कमलेश तिवारी की हत्या: हथियार मुहैया कराने के मामले में व्यक्ति गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस)ने गुजरात एटीएस के साथ मिलकर कानपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल कथित रूप से मुहैया कराई थी।

00:02 (IST)02 Nov 2019
पराली ना जलाएं किसान, CM खट्टर की अपील

हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय: सीएम मनोहर लाल खट्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किसानों को फसल अवशेषों को न जलाने के लिए प्रोत्साहित करें और साथ ही उन्हें फसल के अवशेषों के प्रबंधन के लिए विभिन्न विकल्पों के बारे में बताएं ताकि पर्यावरण का संरक्षण किया जा सके।



22:22 (IST)01 Nov 2019
फड़णवीस के खिलाफ मुकदमे की मांग करने वाली अर्जी नागपुर की अदालत ने बहाल की

अपने चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक मामलों का कथित तौर पर खुलासा नहीं करने को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही की मांग करने वाली एक अर्जी यहां की एक अदालत ने शुक्रवार को बहाल कर दी।

20:45 (IST)01 Nov 2019
राकांपा नेता अजीत पवार ने कहा - उनकी पार्टी और सहयोगी दल विपक्ष में बैठेंगे

महाराष्ट्र में सरकार के गठन के मुद्दे पर भाजपा और शिवसेना में जारी सियासी रस्साकशी के बीच राकांपा नेता अजीत पवार ने कहा है कि उनकी पार्टी और सहयोगी दल कांग्रेस विपक्ष में बैठेंगे। पवार ने कहा कि चुनाव के परिणाम से साफ है कि उन्हें विपक्ष में बैठने का जनादेश मिला है और वह ऐसा ही करेंगे। उन्होंने गुरुवार (31 अक्टूबर) की रात पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के आवास पर राकांपा के बड़े नेताओं के साथ बैठक करने के बाद यह टिप्पणी की।

18:32 (IST)01 Nov 2019
बच्चे पंजाब और हरियाणा सरकार को प्रदूषण रोकने के लिए लिखें पत्र : केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार (01 नवंबर) को शहर के स्कूली बच्चों से कहा कि पंजाब और हरियाणा में जल रही पराली के कारण यहां वायु प्रदूषण फैल रहा है और इसके लिए वे दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिख कर इसे नियंत्रित करने की अपील करें। केजरीवाल ने प्रदूषण से स्कूली बच्चों को बचाने की सरकार की पहल के तहत विद्यार्थियों को मास्क बांटे और उन्हें पराली जलाए जाने के बारे में भी बताया।

16:33 (IST)01 Nov 2019
महिला पर अपनी बहन का नग्न वीडियो प्रेमी से साझा करने का आरोप

अग्रीपाड़ा पुलिस ने 25 वर्षीय महिला को अपनी बहन का आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे अपने विवाहित प्रेमी के साथ साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार (01 नवंबर) को बताया कि यह मामला बृहस्पतिवार को सामने आया जब भायकला निवासी 20 वर्षीय लड़की ने पुलिस में अपनी बहन तथा उसके प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी।

14:30 (IST)01 Nov 2019
दंगे के एक मामले में आप विधायक को हिरासत में लिया गया, जमानत पर हुए रिहा

आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी को शुक्रवार (01  नवंबर) को 2013 में हुए दंगे के एक मामले में बार-बार अदालत के समन और वारंट का अनुपालन नहीं करने के चलते शुक्रवार को हिरासत में लिया गया। हालांकि, बाद में उन्हें अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया। त्रिपाठी जब सुनवाई की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर को पेश नहीं हुए तो गुरुवार (31 अक्टूबर) को उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। इसके बाद उन्हें विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहर के समक्ष पेश किया गया।

14:12 (IST)01 Nov 2019
महिला को जलाकर मारने के जुर्म में सास, ससुर, देवर को उम्रकैद

हमीरपुर जिले की एक अदालत ने महिला को जला कर मार डालने के, साढ़े तीन साल पुराने मामले में दोषी पाए गए उसके ससुर, सास और देवर को गुरुवार को उम्रकैद की सजा सुनाई तथा प्रत्येक पर दस-दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। जिला शासकीय अधिवक्ता शैलेश स्वरूप चौरसिया ने शुक्रवार (01 नवंबर) को बताया कि यह मामला मझगवां थाना क्षेत्र के बरेल गांव का है।

13:17 (IST)01 Nov 2019
उप्र के सभी 18 पुलिस रेंज में साइबर थानों, फॉरेंसिक लैब की स्थापना की जाए: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य के सभी 18 पुलिस रेंज में साइबर थानों और फॉरेंसिक लैब की स्थापना की जाए तथा इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन की भर्ती प्रक्रिया को भी शीघ्रता से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में फॉरेंसिक विश्वविद्यालय की स्थापना का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाए। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ये निर्देश गुरुवार (31 अक्टूबर) की रात को दिया है।

12:50 (IST)01 Nov 2019
मुंबई में इमारत में आग लगने पर दस वाहन जलकर खाक

दक्षिणी मुंबई में शुक्रवार (01 नवंबर) की सुबह एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम दस वाहन जल कर खाक हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि भिंडी बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके में मौलाना आजाद रोड स्थित इस्माईल बिल्डिंग में तड़के 4.45 बजे आग लगी। उन्होंने बताया कि चार दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि आग से कोई घायल नहीं हुआ क्योंकि इमारत में रहने वाले सभी लोग वहां से सुरक्षित बाहर निकल गए थे।

11:46 (IST)01 Nov 2019
अगर जासूसी हुई है तो इसका राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा: प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कई भारतीय पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की कथित जासूसी के मामले को लेकर शुक्रवार (01 नवंबर) को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर ऐसा किया गया है तो इसका राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'अगर भाजपा या सरकार ने पत्रकारों, वकीलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं के फोन की जासूसी करने के लिए इजराइली एजेंसियों को लगाया है तो यह मानवाधिकार का घोर उल्लंघन और बड़ा स्कैंडल है जिसका राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर असर होगा।'

10:07 (IST)01 Nov 2019
राहुल ने जासूसी मामले को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई भारतीय पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की कथित जासूसी के मामले को लेकर गुरुवार (31 अक्टूबर) को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का इस मामले में व्हाट्सऐप से सवाल करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फ्रांस की कंपनी दसाल्ट से यह पूछने की तरह ही है कि राफेल विमान सौदे में किसने पैसे बनाए।

09:11 (IST)01 Nov 2019
जौनपुर में ज्वेलर की दुकान से एक करोड़ रुपए से अधिक की लूट

जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में ज्वेलर की दुकान से छह नकाबपोश बदमाशों ने एक करोड़ रुपए से अधिक के जेवरात और तीन लाख रुपए की नकदी लूट ली। यह घटना गुरुवार (31 अक्टूबर) रात लगभग 8:30 बजे हुई। लुटेरे 10 की संख्या में थे जिनमें से चार दुकान के बाहर खड़े होकर फायरिंग भी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

08:48 (IST)01 Nov 2019
नेता ऐसी टिप्पणी न करें जिनसे पाकिस्तान को फायदा हो: उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार (31 अक्टूबर) को कहा कि नेताओं को ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए जिनका पाकिस्तान को फायदा पहुंचे। साथ ही उन्होंने कहा कि जब देश की एकता की बात आए तो सभी को एक आवाज में बोलना चाहिए। पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हर किसी को पड़ोसी के ‘‘बुरे इरादों’’ को समझना होगा जो ‘भारत को अशक्त बनाना चाहता है’ और सीमा-पार से आतंकवाद को बढ़ावा एवं सहायता दे रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर प्रज्ञान भारती द्वारा यहां आयोजित एक कार्यक्रम में नायडू ने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं को अपनी राय व्यक्त करने का पूरा अधिकार है।

08:02 (IST)01 Nov 2019
एसीबी ने जिला स्तर के अधिकारी के घर मारा छापा, संपत्ति जब्त

भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के अधिकारियों ने गुरुवार (31 अक्टूबर)  को आय से अधिक संपत्ति मामले में एक जिला स्तर के अधिकारी के घर छापेमारी की और 1.48 करोड़ रुपए मूल्य का घर कुर्क कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ब्यूरो ने पॉश चन्नी हिम्मत कालोनी में स्थित प्रणव गंडोत्रा के घर को सील कर दिया है।

06:14 (IST)01 Nov 2019
रामदेव ने कहा- कश्मीर से आर्टिकल 370 के ज्यादातर प्रावधान हटने के बाद अब पीओके भी भारत में शामिल हो

योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 35ए एवं 370 के अधिकतर प्रावधान हटाने और केंद्र शासित प्रदेश बनाने का ऐतिहासिक फैसला केंद्र सरकार का साहसिक कदम है। उन्होंने कहा कि अब पीओके का भारत में विलय कैसे हो इस पर सोचना है।

04:34 (IST)01 Nov 2019
कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली बोले- कर्नाटक में विधानसभा उपचुनाव के बाद गिर जाएगी BJP सरकार

कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने कहा कि 5 दिसंबर को 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के बाद कर्नाटक की भाजपा सरकार खुद ही गिर जाएगी।



03:23 (IST)01 Nov 2019
एसीबी ने जिला स्तर के अधिकारी के घर मारा छापा, संपत्ति जब्त

भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को आय से अधिक संपत्ति मामले में एक जिला स्तर के अधिकारी के घर छापेमारी की और 1.48 करोड़ रुपये मूल्य का घर कुर्क कर लिया।

02:05 (IST)01 Nov 2019
शिवसेना-भाजपा में खींचतान के बीच किसान बनना चाहता है मुख्यमंत्री

महाराष्ट्र के बीड जिले का एक किसान सत्ता को लेकर भाजपा- शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार का गठन होने तक राज्य का मुख्यमंत्री बनने का इच्छुक है। केज तालुका के वडमौली निवासी किसान श्रीकांत विष्णु गडाले ने बीड कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की।

00:39 (IST)01 Nov 2019
जौनपुर में आभूषणों की दुकान से एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट

जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत सिविल लाइन इलाके में स्वर्ण आभूषणों की दुकान से छह नकाबपोश बदमाशों ने एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात और तीन लाख रुपये की नकदी लूट ली। यह घटना गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे हुई। लुटेरे 10 की संख्या में थे जिनमें से चार दुकान के बाहर खड़े होकर फायंिरग भी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

23:47 (IST)31 Oct 2019
जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल दिल्ली पहुंचीं, शुक्रवार को करेंगी मोदी से बात

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल भारत की दो दिवसीय यात्रा पर बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली पहुंचीं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बात करेंगी और दोनों देशों के बीच करीब 20 समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। हवाईअड्डे पर मर्केल के स्वागत के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र ंिसह पहुंचे। वह अपने दौरे पर कारोबार जगत के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के अलावा भारतीय नेतृत्व से मिलेंगी।

23:42 (IST)31 Oct 2019
अमरिंदर ने पंजाब प्रतिनिधियों को ननकाना साहिब नहीं जाने देने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के समारोहों का ‘‘राजनीतिकरण’’ करने को लेकर शिअद पर बृहस्पतिवार को हमला बोला। उन्होंने पार्टी पर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के संयुक्त उत्सव की उनकी सरकार की योजना को बाधित करने का आरोप लगाया।

22:11 (IST)31 Oct 2019
फायरिंग के दौरान फट गया T-90 टैंक का बैरल, एक जवान शहीद

सेना के सूत्र: सेना के एक जवान की उस समय जान चली गई, जब महाजन रेंज में प्रशिक्षण के दौरान नियमित फील्ड फायरिंग के दौरान एक टी -90 टैंक का बैरल फट गया। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।



20:06 (IST)31 Oct 2019
मद्रास उच्च न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन कानून को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

मद्रास उच्च न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन कानून-2019 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका गुरुवार को खारिज कर दी। अदालत ने 22 अक्टूबर को मामले पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिककर्ता ने कानून को असंवैधानिक घोषित करते हुए इसे अमान्य करार देने की मांग की थी। 

19:43 (IST)31 Oct 2019
मुंबई हवाईअड्डे का मुख्य रनवे चार नवंबर से अगले साल 28 मार्च तक बंद रहेगा

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का मुख्य रनवे चार नवंबर से 28 मार्च, 2020 तक के लिए रविवार और चुनिंदा दिनों को छोड़कर रोजाना आठ घंटे के लिए बंद रहेगा।
रनवे के रखरखाव और मरम्मत के लिए यह कदम उठाया गया है। इस हवाईअड्डे के संचालक जीवेके मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (एमआईएएल) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।  

19:18 (IST)31 Oct 2019
सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ‘विश्व रंग’ उत्सव 4 से भोपाल में

साहित्य और संस्कृति के इन्द्रधनुषी रंगों को समेटता पहला अंतरराष्ट्रीय उत्सव ‘विश्व रंग’ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 4 नवंबर से शुरू होगा। इसमें बड़ी संख्या में देश-विदेश के साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी और अन्य लोग उपस्थित होंगे।

18:45 (IST)31 Oct 2019
आरपीआई नेता रामदास अठावले ने देवेंद्र फडणवीस को दिया समर्थन

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के नेता रामदास अठावले ने कहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिला है। ऐसे में वह सिर्फ एक मुख्यमंत्री को पूरे पांच साल के लिए बनाना चाहते हैं। देवेद्र फडनवीस को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। हमने तय किया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए हम उनके नाम का समर्थन करेंगे। उनका कहना है कि राज्य में स्थिर सरकार के लिए यह जरूरी है कि मुख्यमंत्री एक ही हो। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस पार्टी को बहुमत दिया है, सरकार बनाने के लिए उसी को मौका मिलना चाहिए। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है, लिहाजा उसी का नेता सीएम पद के लिए दावेदार होना चाहिए।

14:54 (IST)31 Oct 2019
निर्भया गैंगरेप मामले में दोषियों को राष्ट्रपति के पास दया याचिका के लिए मिले 7 दिन का वक्त

दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को हुए निर्भया गैंगरेप मामले में चारों दोषियों को तिहाड़ जेल प्रशासन ने राष्ट्रपति के पास दया याचिका दाखिल करने के लिए सात दिनों का वक्त दिया है। इस नोटिस की अवधि 4 नवंबर को खत्म हो जाएगी। अगर दोषी दया याचिका दाखिल नहीं करते हैं तो जेल प्रशासन निचली अदालत को सूचित करके सभी की फांसी के लिए ब्लैक वारंट लेने की कार्रवाई शुरू कर देगा।

14:17 (IST)31 Oct 2019
सेंसेक्स ने छुआ 40,321 पाइंट का आंकड़ा

शेयर बाजार में पिछले 5 दिन से तेजी बनी हुई है, लेकिन गुरुवार (31 अक्टूबर) को सेंसेक्स ने नया कीर्तिमान बना दिया। गुरुवार को सेंसेक्स ने पहली बार 40,321 पॉइंट का आंकड़ा छुआ और इसमें करीब 200 पॉइंट की तेजी देखी गई। वहीं, निफ्टी भी 50 पॉइंट उछलकर 11902 तक पहुंच गया।

13:01 (IST)31 Oct 2019
केरल के सीएम पी विजयन यौन उत्पीड़न की शिकार लड़कियों के परिजनों से मिले

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन गुरुवार को  उन दोनों नाबालिग लड़कियों के परिवार वालों से मिले जिनकी 2017 में वालयार में कथित रूप से यौन उत्पीड़न और हत्या कर दी गई थी। उन्होंने परिजनों को पूरी सहायता देने का आश्वासन दिया।  

12:09 (IST)31 Oct 2019
पाकिस्तान में बड़ा हादसा, ट्रेन में फटा गैस सिलेंडर, जिंदा जल गए 65 मुसाफिर

पाकिस्तान में गुरुवार (31 अक्टूबर) को एक ट्रेन में आग लगने से करीब 65 लोग जिंदा जल गए। वहीं, काफी मुसाफिर घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि एक यात्री ट्रेन में गैस सिलेंडर ले जा रहा था, जिसमें विस्फोट होने से 3 कोच में आग लग गई और 65 लोग जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि तेज़गाम एक्सप्रेस नाम की यह ट्रेन कराची से रावलपिंडी जा रही थी, उस वक्त यह हादसा हुआ।

11:58 (IST)31 Oct 2019
बंगाल के 5 मजदूरों की J&K में हत्या पर भड़कीं ममता बनर्जी
11:54 (IST)31 Oct 2019
पटेल की जयंती पर अमित शाह ने ‘एकता दौड़’ को दिखाई हरी झंडी 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 144वीं जयंती के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘एकता दौड़’ मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से शुरू हुई। इस दौड़ में खेल से जुड़ी शख्सियतों, खेल प्रेमियों और केन्द्रीय पुलिस बल के जवानों सहित बड़ी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लिया। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस दौड़ में हिस्सा लेने वाले लोगों ने सफेद रंग की टी शर्ट पहनी हुई थी और उनके हाथों में पटेल की तस्वीर थी। ये लोग दौड़ में शामिल होने के लिए नेशनल स्टेडियम और इंडिया गेट पर इकट्ठा थे।

11:53 (IST)31 Oct 2019
भाकपा नेता गुरुदास दासगुप्ता का निधन

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद गुरुदास दासगुप्ता का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। दासगुप्ता 83 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और बेटी हैं। दासगुप्ता पिछले कुछ महीने से फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे। पश्चिम बंगाल में भाकपा के सचिव स्वपन बनर्जी ने यह जानकारी दी। बनर्जी ने कहा, ‘‘कोलकाता स्थित अपने निवास पर सुबह छह बजे दासगुप्ता का निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे। खराब स्वास्थ्य के कारण उन्होंने पार्टी के सभी पद छोड़ दिए थे लेकिन वे भाकपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य थे।’’ दासगुप्ता को 1985 में राज्य सभा के लिए चुना गया था। वे 2004 में पांसकुड़ा और 2009 में घाटल सीट से लोकसभा सदस्य थे।