असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि उन्होंने राहुल गांधी का हमशक्ल ढूंढ लिया है। हिमंता ने कहा है कि वे बहुत ही जल्द उस शख्स का नाम और उसकी पहचान का खुलासा करेंगे। सीएम ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने अपने हमशक्ल का इस्तेमाल किया था।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर एक बार फिर सवाल उठाते हुए हिमंता ने कहा कि राहुल ने असम की जनता के साथ धोखा किया है। हिमंता ने कहा कि राहुल गांधी ने असम में न्याय यात्रा के दौरान इस हमशक्ल का इस्तेमाल किया है। राहुल हमशक्ल के जरिए ही जनता के बीच हर वक्त मौजूद होने का नाटक कर रहे थे।

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि 4 फरवरी को असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा निर्धारित है। इसलिए यह दौरा पूरा होने के बाद वे उस हमशक्ल का खुलासा करेंगे। हिमंता ने कहा कि वह खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उस शख्स की पहचान का खुलासा करने वाले हैं।

L

असम सरकार के पास हैं सबूत

हिमंता ने कहा कि राज्य सरकार के पास पुख्ता सबूत हैं कि राहुल अपनी न्याय यात्रा के दौरान किसी हमशक्ल का इस्तेमाल कर रहे थे। वही शख्स जनता के बीच जाकर चीयर कर रहा था। बता दें कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान असम में काफी विवाद हुआ था। इसके चलते राहुल ने हिमंता को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री तक बता दिया था।

असम के सीएम ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के दौरान दो केस दर्ज किए गए हैं। एक केस बैरिकेड तोड़ने के आरोपों से जुड़ा है। इस केस में राहुल गांधी का भी नाम है। इस केस की जांच एसआईटी कर रही है। वहीं दूसरा केस असम के जोरहाट में हुए टकराव का है। इसमे असम कांग्रेस के प्रेसिडेंट भूपेन कुमार बोहरा को आरोपी बनाया गया है।