राजस्थान के फलौदी में गुरुवार को पारा 50 डिग्री को पार कर गया। यहां पर चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा 50 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। फलौदी में गुरुवार को तापमान 51 डिग्री रहा जो कि देश में सबसे ज्यादा था। देश में इतना तापमान पहले कभी दर्ज नहीं किया गया। लगातार दूसरे दिन फलौदी देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा चूरू में 50.2, बीकानेर में 49.5, बाड़मेर 49.5, गंगानगर 49.1 और जैसलमेर में 49 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी जयपुर में भी पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया जो कि कई दशकों का सर्वोच्च स्तर है। जानकारी के अनुसार राजस्थान में इससे पहले सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड अलवर के नाम था। यहां पर 10 मई 1956 को 50.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार (19 मई) का दिन 100 साल का सबसे गर्म दिन रहा। यहां तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया। डीसा और गांधीनगर में भी पारा 48 तक चला गया। अहमदाबाद क्षेत्र के भारतीय मौसम विभाग के निदेशक जयंत सरकार ने बताया, ”48 डिग्री तापमान के साथ अहमदाबाद ने 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 27 मई 1916 को यहां पर 47.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।”