Haryana, Maharashtra Vidhan Sabha Election Result 2019 Date: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर, 2019 को आएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। घंटे भर बाद से चुनाव के रुझान सामने आने लगेंगे और दोपहर तक यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि इन दोनों राज्यों में किसकी सरकार बनने वाली है। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां 288 विधानसभा सीटों पर कुल 3,237 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले महागठबंधन यानी ‘महायुति’ और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन या ‘महा अघाड़ी’ (मोर्चा) के बीच है।
वहीं, हरियाणा में चुनावी मुकाबला सत्ताधारी भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और ‘जजपा’ के बीच है। कांग्रेस ने राज्य में पार्टी की कमान भूपेंदर सिंह हुड्डा को सौंपी है। पार्टी नेतृत्व में बदलाव के बाद कांग्रेस को जहां वापसी की उम्मीद है। भाजपा ने इस चुनाव में ‘75 पार’ यानी 75 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इस चुनाव में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के 1,169 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश की 90 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल भाजपा के 48 सदस्य हैं।
यहां देखें LIVE नतीजे – हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
उधर, महाराष्ट्र में बीजेपी 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें उसके कमल के निशान पर चुनाव लड़ने वाले छोटे सहयोगी दलों के उम्मीदवार भी शामिल हैं। वहीं, सहयोगी शिवसेना ने 126 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने 147 और सहयोगी एनसीपी ने 121 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्य उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री फडणवीस, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण हैं। फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से जबकि अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण नांदेड़ जिले की भोकार और सतारा जिले की कराद दक्षिण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उधर, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे (29) मुम्बई के वर्ली से पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
By-Election Results 2019 Live Updates: यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों के By-Election Results
हरियाणा में प्रमुख उम्मीदवारों में सीएम खट्टर (करनाल), पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला किलोई), रणदीप सुरजेवाला (कैथल), किरण चौधरी (तोशाम) और कुलदीप विश्नोई (आदमपुर) और जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचना कलां) शामिल हैं। बीजेपी ने तीन खिलाड़ियों को मैदान में उतारा है, जिसमें बबीता फोगाट (दादरी), योगेश्वर दत्त (सोनीपत में बरोडा) और संदीप सिंह (पेहोवा) शामिल हैं। भाजपा ने टिक टॉक स्टार सोनाली फोगाट को (आदमपुर) से चुनाव मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र और हरियाणा में मतदान के बाद आए एक्जिट पोल के पूर्वानुमान के मुताबिक, इन दोनों राज्यों में भाजपा प्रचंड जीत हासिल करने जा रही है तथा मुख्य विपक्षी कांग्रेस को भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा
इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल में 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा-शिवसेना को 166-194 सीटें और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 72-90 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। न्यूज18-इप्सॉस के एग्जिट पोल में भाजपा को 142 सीटें और उसकी सहयोगी शिवसेना 102 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इस सर्वे के अनुसार कांग्रेस और राकांपा को केवल 17 और 22 सीटें ही मिल पाएंगी।
एबीपी-सीवोटर ने भाजपा-शिवसेना को 204 सीटें और कांग्रेस-राकांपा को 69 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। ऐसा अनुमान है कि हरियाणा में भाजपा की जीत और बड़ी होगी। एबीपी-सीवोटर ने हरियाणा में भाजपा को 72 सीटें और कांग्रेस को आठ सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। सीएनएन-इप्सॉस का अनुमान है कि भाजपा और कांग्रेस को क्रमश: 75 और 10 सीटें मिलेंगी
सभी सर्वेक्षणों के आधार पर तैयार महासर्वेक्षण के आकलन के मुताबिक हरियाणा में भाजपा को 66 और कांग्रेस को 11 सीटें तथा महाराष्ट्र में भाजपा नीत राजग को 211 और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 64 सीटें मिलने का अनुमान है। पिछले चुनाव में महाराष्ट्र में चारों प्रमुख अलग अलग चुनाव लड़ी थीं। उसमें भाजपा को 122, शिवसेना को 63, कांग्रेस को 42 और राकांपा को 41 सीटें हासिल हुई थीं। इसी तरह पिछली बार हरियाणा में भाजपा को 47, इंडियन नेशनल लोक दल को 19 और कांग्रेस को 15 सीटें हासिल हुई थीं।