Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आ गए हैं और भाजपा हैट्रिक लगाती नजर आ रही है। राज्य की 90 सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। हरियाणा के अहम सीटों में से एक रतिया में पंजे का कमाल दिखा है। यहां से कांग्रेस के जरनैल सिंह ने भाजपा की सुनीता दुग्गल को 21442 वोटों से हरा दिया है। जरनैल सिंह काउंटिंग की शुरुआत से ही आगे चल रहे थे। जरनैल सिंह को 86 हजार 426 वोट मिले तो वहीं, सुनीता दुग्गल 64984 वोटों पर सिमट गईं।

बता दें कि, हरियाणा चुनाव में फतेहाबाद जिले की रतिया सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुरक्षित है। इस सीट पर अब तक 11 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इनमें से चार बार आईएनएलडी जीती है। तीन बार कांग्रेस, दो बार हरियाणा विकास पार्टी और एक-एक बार जनता पार्टी और बीजेपी जीती है। यह क्षेत्र पंजाब की सीमा से लगा है।

Haryana Election Results 2024 LIVE: Check Here

इस कारण यहां पर पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों की पहचान दिखती है। यहां के लोग पंजाबी और हरियाणवी दोनों बोलते हैं और पूरे क्षेत्र में मिली-जुली संस्कृति है। रतिया में शनिवार, 5 अक्टूबर, 2024 को मतदान हुआ था। रतिया में कुल मतदाता करीब ढाई लाख हैं। 2019 के चुनाव में यहां 112260 पुरुष वोटर और 102113 महिला मतदाता थे।

चार बार लगातार यह सीट आईएनएलडी के पास रही

2019 के चुनाव में यहां बीजेपी के लक्ष्मण नापा चुनाव जीते थे। उनसे पहले लगातार चार यह सीट आईएनएलडी के पास रही। इस सीट से इस बार बीजेपी ने पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को मैदान में उतारा। यहां के मौजूदा विधायक बीजेपी के ही लक्ष्मण नापा टिकट न मिलने से पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। इससे गुटबाजी और आपसी विरोध भी दोनों दलों में रहने की आशंका बढ़ गई थी। आईएनएलडी भी अपनी पुरानी सीट बचाने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही थी।