Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। यहां मुकाबला एक बार फिर से कांग्रेस और भाजपा के बीच है। ऐसे में अगर हम राई विधानसभा सीट की बात करें तो इस सीट से बीजेपी ने कृष्णा गहलावत को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने जय भगवान अंतिल पर दांव खेला है। वहीं आम आदमी पार्टी ने राजेश सरोहा पर भरोसा जताया है।

2019 विधानसभा चुनाव परिणाम

2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव की बात करें तो राई विधानसभा सीट से भाजपा के मोहन लाल बडोली ने जीत दर्ज की थी। बडोली ने कांग्रेस के जय तीरथ दहिया को हराया था। बडोली का जहां 45,377 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के तीरथ दहिया को 42,715 वोट मिले थे, जबकि जेजेपी के अजीत अंतिल को 17,137 मत प्राप्त हुए थे।

2014 विधानसभा चुनाव परिणाम

हरियाणा विधानसभा 2014 में राई विधानसभा सीट से कांग्रेस के जय तीरथ दहिया ने जीत दर्ज की थी। दहिया ने आईएनएलडी के इंद्रजीत को हराया था। दहिया को 36,703 वोट मिले थे, जबकि इंद्रजीत 36,700 को वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर रहे बीजेपी प्रत्याशी कृष्णा गहलावत को 34,523 मतों पर संतोष करना पड़ा था।

Haryana Assembly Election 2024: गन्नौर सीट बीजेपी के लिए मुश्किल! कांग्रेस के कुलदीप और कौशिक को लेकर ब्राह्मण वोटर्स उलझन में, निर्दलीय देवेंद्र ने रोचक बनाया मुकाबला

सोनीपत जिले में आता है राई

बता दें, राई हरियाणा राज्य के सोनीपत जिले में एक गांव और विकास खंड है। यह सोनीपत से सिर्फ एक किमी दूर स्थित है। राई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हरियाणा के 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। 2019 तक इस क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 1,19,520 थी।

राई एनसीआर क्षेत्र में आता है। एचएसआईआईडीसी ने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक औद्योगिक एस्टेट की स्थापना की है।