Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। यहां मुकाबला एक बार फिर से कांग्रेस और भाजपा के बीच है। ऐसे में अगर हम पानीपत ग्रामीण सीट की बात करें तो इस सीट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इस सीट से कांग्रेस ने सचिन कुंडू को मैदान में उतारा है। जबकि बीजेपी ने यहां से एक बार फिर से महिपाल ढांडा पर दांव खेला है। वहीं आम आदमी पार्टी ने इस सीट से सुखबीर मलिक को अपना प्रत्याशी बनाया है।
पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र हरियाणा के करनाल लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है। करनाल लोकसभा क्षेत्र के कुल 9 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें से पांच सीटें असंध के अलावा घरौंदा, करनाल, इंद्री और नीलोखेड़ी करनाल जिले में आता है। वहीं औद्योगिक नगरी पानीपत जिले के तहत चार विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें पानीपत ग्रामीण, पानीपत सिटी, इसराना और समालखा है।
2019 पानीपत ग्रामीण विधानसभा से किसने मारी बाजी?
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में पानीपत ग्रामीण सीट से बीजेपी के महिपाल ढांडा ने कांग्रेस उम्मीदवार संजय अग्रवाल को 39545 मतों से हराया। हरियाणा की पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट काफी अहम मानी जाती है। यह सीट करनाल लोकसभा सीट के तहत आती है।
2014 पानीपत ग्रामीण विधानसभा से कौन बना विजेता?
2014 में यहां बीजेपी ने कब्जा किया था। 2014 विधानसभा चुनाव में पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से बीजेपी के महिपाल ढांडा 62 हजार 074 वोट हासिल करके विधायक बने थे। जबकि दूसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी धारा सिंह रावल रहे थे, जिन्हें 25 हजार 942 वोट मिले। इस तरह से उन्हें 36,132 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट पर तीसरे नंबर पर इनेलो के निशान सिंह मलिक और चौथे नंबर पर कांग्रेस के खुशी राम जगलान रहे थे।
हरियाणा विधानसभा में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीट, इंडियन नेशनल लोकदल ने 19, जबकि सत्तारुढ़ कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थी। वहीं हरियाणा जनहित कांग्रेस ने दो सीट, शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी ने एक-एक सीटें जीती थी। पांच निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी यहां से चुनाव जीता था।