Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। यहां मुकाबला एक बार फिर से कांग्रेस और भाजपा के बीच है। ऐसे में अगर हम पानीपत शहर विधानसभा सीट की बात करें तो इस सीट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। क्योंकि इस सीट से बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस सीट पर भाजपा ने इस बार प्रमोद विज को चुनावी मैदान में उतारा है जिससे नाराज होकर रोहिता रेवड़ी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। पानीपत शहर सीट पर कांग्रेस ने वरिन्दर शाह उर्फ बुल्लेशाह को टिकट दिया है।

पानीपत शहर इस सीट को जनसंघ-भाजपा के फतेहचंद विज और कांग्रेस के नेता हुकुमत राय शाह के नाम से भी जाना जाता है। भाजपा ने फतेहचंद विज के दत्तक पुत्र यानि मौजूदा विधायक प्रमोद विज को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने हुकुमत राय शाह के छोटे पुत्र एवं पांच बार विधायक रहे बलबीर पाल शाह के भाई वरिन्दर शाह उर्फ बुल्लेशाह को टिकट दिया है। पानीपत सिटी हरियाणा की 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। पानीपत सिटी करनाल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का भी हिस्सा है। 2019 तक इस क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 1,22,354 थी।

2019 का परिणाम

2019 विधानसभा चुनाव में पानीपत शहर से बीजेपी के प्रमोद कुमार विज को 76,863 वोट मिले थे और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को हराया था। कांग्रेस के संजय अग्रवाल को 37,318 वोट मिले थे। जबकि, जेजेपी के जयदेव नौल्था को 2,246 वोट मिले थे।

2014 का परिणाम

2014 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के रोहिता रेवड़ी को 92,757 वोट मिले औप उन्होंने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के वीरेंद्र कुमार शाह को 39,036 वोट मिले। आईएनएलडी की नीलम नारंग को 2,630 वोट मिले थे।

बात करें पानीपत की तो यह एक औद्योगिक नियोजित शहर है। यह दिल्ली से 95 किमी उत्तर में और चंडीगढ़ से 169 किमी दक्षिण में NH-1 पर स्थित है। 1526, 1556 और 1761 में लड़ी गई तीन प्रमुख पानीपत की लड़ाइयां भारत की इतिहास का एक हिस्सा है।

यह शहर भारत में बुनकरों के शहर और क्लोद सिटी के रूप में प्रसिद्ध है। पानीपत कई तरह के विनिर्माण उद्योगों का भी गढ़ है, जिनमें ऊन और कपास मिलिंग, साल्टपीटर रिफाइनिंग और कांच, बिजली के उपकरण और अन्य उत्पादों का निर्माण शामिल है। पानीपत में इंडस्ट्रियल एस्टेट पानीपत नामक एक औद्योगिक क्षेत्र है। शहर का व्यापक पर्यावरण प्रदूषण सूचकांक (सीईपीआई) 71.91 है।

2011 की जनगणना के अनुसार, शहर की जनसंख्या 294,292 थी। साक्षरता दर लगभग 83% है। हिंदू 83.39% के साथ बहुमत में हैं, इसके बाद मुस्लिम 12.03%, सिख 4.13%, जैन 0.25% और ईसाई 0.05% आबादी के साथ हैं।