Haryana Assembly Election 2024, Haryana Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव को लेकर तैयारियों शुरू कर दी है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में गुहला विधासनभा क्षेत्र राज्य की महत्वपूर्ण सीटों में से एक है। यह विधानसभा सीट कैथल जिले में आती है और अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए रिजर्व है। इस विधान सभा सीट पर अब तक हुए 9 चुनाव में आईएनएलडी के सबसे ज्यादा चार विधायक चुने गए हैं।
इस बार भारतीय जनता पार्टी ने यहां से कुलवंत बाजीगर को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने देविंदर हंस को टिकट दिया है। इतना ही नहीं जननायक जनसत्ता पार्टी ने मुकाबले को कड़ा करते हुए कृष्ण बाजीगर को चुनावी दंगल में उतारा है। वहीं आम आदमी पार्टी ने राकेश खानपुर को अपना उम्मीदवार बनाया है।
2019 और 2014 के चुनाव परिणाम
2019 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जननायक जनता पार्टी के ईश्वर सिंह ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के दिल्लू राम को 4574 वोटों के मार्जिन से शिकस्त दी थी। ईश्वर सिंह को 36,518 वोट के साथ 27.82 फीसदी वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस चौधरी के दिल्लू राम को 31,944 वोट के साथ 24.33 फीसदी वोट मिले थे। वहीं भारतीय जनता पार्टी के पारा राम उर्फ रवि तारांवाली को 25,203 वोट के साथ 19.20 फीसदी वोट हासिल हुए थे। अब अगर बात साल 2014 के विधानसभा चुनाव की करें तो 2014 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कुलवंत बाजीगर विधायक बने थे। इस चुनाव उन्हें 36 हजार 598 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के दिल्लू राम बाजीगर रहे थे। उन्हें 34 हजार 158 वोट मिले थे।
गुहला विधानसभा सीट का सियासी समीकरण
गुहला विधानसभा क्षेत्र साल 1977 को अस्तित्व में आया। इस विधान सभा सीट पर अब तक हुए 9 चुनाव में आईएनएलडी ने सबसे ज्यादा यहां चार बार विधायक बनाए हैं। वहीं कांग्रेस, एक बार जनता पार्टी, एक बार बीजेपी तो पिछले चुनाव में जेजेपी यहां जीत हासिल करने में सफल रही।