गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। दिल्ली में यमुना भी खतरे के निशान से ऊपर है। दिल्ली में यमुना के किनारे बसे लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट कर दिया गया है। आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

गुजरात के जूनागढ़ और नवसारी में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी की धार इतनी तेज थी कि कई कार और पशु पानी की तेज धार में बह गए। अहमदाबाद एयरपोर्ट में भी पानी घुस गया है। एनडीआरएफ की कई टीमें जिलों में तैनात हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से संपर्क में बने हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।

गुजरात में एनडीआरएफ की टीम ने शनिवार को जूनागढ़ जिले में बचाव अभियान चलाया। एनडीआरएफ के कर्मचारी आम जनता तक पहुंचे और उन्हें जलभराव वाले क्षेत्र से सुरक्षित क्षेत्रों में शिफ्ट किया। शनिवार को नवसारी शहर में एक व्यक्ति लापता हो गया था।

गुजरात और महाराष्ट्र में रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में भी भारी बारिश हो रही है और कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। महाराष्ट्र के पालघर, ठाणे और रायगढ़ समेत सात जिलों में भारी बारिश हुई है। बता दें कि पूरे सेंट्रल महाराष्ट्र को अभी तक ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया था लेकिन अब यहां पर भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में गुरुवार तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मंगलवार से गुरुवार तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और कर्नाटक में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आज शाम आठ बजे यमुना का जलस्तर 206.39 मीटर दर्ज किया गया। जबकि शाम सात बजे जलस्तर 206.37 मीटर रिकार्ड किया गया था। यमुना के जलस्तर का खतरे का निशान 205.33 है।