गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले रविवार को सीएम विजय रूपाणी वडोदरा के निजामपुरा इलाके में आगामी निकाय चुनावों के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए मंच पर बेहोश हो गए थे। इसके बाद सीएम को मंच पर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उन्हें खुद मंच की सीढ़ियों से उतरते देखा गया था।
सोमवार को डॉक्टरों ने कहा कि मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है लेकिन उन्हें 24 घंटे की निगरानी के लिए अस्पताल में रखा जाएगा। डॉक्टरों ने कहा, ”सीएम विजय रूपाणी की स्थिति स्थिर है और वे 24 घंटे निगरानी में रहेंगे। सभी टेस्ट किए गए हैं, लेकिन यह सलाह दी जाती है कि उन्हें आराम करना चाहिए। ”
बीजेपी नेताओं ने बताया कि वडोदरा में सीएम रूपाणी ने एक ही दिन में तीसरी रैली की थी। भाजपा नेताओं ने बताया कि सीएम जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तब वे गिर गए। उनके सुरक्षा गार्डों ने गिरते ही उन्हें पकड़ लिया। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और हवाई अड्डे ले जाया गया। जहां से उन्हें अहमदाबाद के एक अस्पताल में ले जाया गया।
दरअसल रूपाणी का स्वास्थ्य पिछले दो दिनों से ठीक नहीं था, लेकिन शनिवार को जामनगर में और रविवार को वडोदरा में आयोजित उनकी जनसभाओं को रद्द करने के बजाय उन्होंने रैली करना जारी रखा।
बता दें कि वडोदरा सहित छह नगर निगमों के चुनाव 21 फरवरी को होंगे जबकि नगर पालिका, जिला और तालुका पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी को होंगे।
भारत में कोविड महामारी के कारण गुजरात सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक रहा है। कुल मिलाकर घातक वायरस के चलते राज्य में 4400 से अधिक मौतें हुई हैं। राज्य में कुल 2.65 लाख मामले सामने आए हैं। रविवार को राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में अभी कोरोना के 1,739 सक्रिय मामले हैं।