Former PM Dr Manmohan Singh Passes Away: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने 92 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली लौट रहे हैं। दोनों नेता कर्नाटक के बेलगावी में थे। कल बेलगावी में कांग्रेस की होने वाली विशाल रैली भी रद्द हो गई है। थोड़ी देर में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एम्स पहुंच सकती हैं।

10 साल तक पीएम रहे सिंह

मनमोहन सिंह 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 1991-96 के दौरान पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री के रूप में भी काम किया है, जब देश में व्यापक आर्थिक सुधार हुए थे। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में एक ऐसे क्षेत्र में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। उन्हें नरसिंह राव के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान LPG (उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण) सुधारों के प्रमुख के रूप में श्रेय दिया जाता है।

मनमोहन सिंह 1991 में नरसिम्हा राव की अगुवाई में बनी सरकार में वित्त मंत्री थे और 24 जुलाई 1991 को अपना पहला बजट पेश किया था। इस बजट को देश में आर्थिक लिबेरेलाइजेशन की बुनियाद माना जाता है। उन्होंने उस बजट को पेश किए जाने के 30 साल पूरे होने के मौके पर कहा कि 1991 में 30 साल पहले, कांग्रेस पार्टी ने भारत की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण सुधारों की शुरुआत की थी और देश की आर्थिक नीति के लिए एक नया मार्ग प्रशस्त किया था।

आखिरी बार व्हीलचेयर पर मोदी सरकार के बिल के खिलाफ वोट करने संसद पहुंचे थे मनमोहन सिंह, PM मोदी ने की थी जमकर तारीफ

पीएम मोदी ने जताया दुख

मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने X पर लिखा, “भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मनाता है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था।”

पीएम मोदी ने अपने सीएम कार्यकाल का भी जिक्र करते हुए लिखा, “जब डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब मेरे और उनके बीच नियमित बातचीत होती थी। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता सदैव झलकती रहती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं। हम डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।”