कविता जोशी

भारत और नेपाल के बीच एक से तीन मार्च तक ‘चीफ्स कान्क्लेव’ (प्रमुखों का सम्मेलन) का राजधानी दिल्ली में आयोजन किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे करेंगे। उनके अलावा दोनों देशों के कुछ सेवानिवृत्त और मानद सेना प्रमुख भी इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के पूर्व और मानद सेना प्रमुख रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सकते हैं।

रक्षा मंत्रालय के उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि इस वर्ष चीफ्स कान्क्लेव का यह नौवां संस्करण होगा। इसमें रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास युद्ध के कारण पैदा हुई चुनौतियां, क्षेत्रीय सुरक्षा व सीमा विवाद और भारत व नेपाल के द्विपक्षीय सामरिक मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस चर्चा के दौरान सामने आने वाले सभी जरूरी मुद्दों को कलमबद्ध कर दोनों देशों के पूर्व प्रमुख अपनी-अपनी सरकारों तक पहुंचाएंगे। इससे उन्हें भविष्य में सेनाओं की रणनीतिक और युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए जरूरी नीति निर्धारण में काफी मदद मिलेगी। गौरतलब है कि ‘चीफ्स कान्क्लेव’ का पिछला आठवां संस्करण वर्ष 2021 में आयोजित किया गया था।

मूलरूप से यह कार्यक्रम भारत में ही आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन पिछले साल 2023 में इसका पहली बार नेपाल में आयोजन किया गया था। नेपाल ने अपनी सेना के 260वें स्थापना दिवस के मौके पर ‘चीफ्स कान्क्लेव’ का आयोजन किया था और उसमें भारतीय सेना के पांच पूर्व और मानद प्रमुख शामिल हुए थे। इसमें जनरल एमएम नरवणे, जनरल दलबीर सिंह सुहाग, जनरल दीपक कपूर, जनरल जेजे सिंह और जनरल वीएन शर्मा शामिल हुए थे।