VVIP in Prayagraj Mahakumbh: प्रयागराज महाकुंभ में शुक्रवार का दिन खास रहेगा। आज देश-विदेश के कई बड़े राजनेता, मंत्री, और विशिष्ट लोग त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे। महाकुंभ का समापन होने में अब बहुत कम दिन बचने से संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाले घाटों से बचें और पास के घाटों पर स्नान करें।
कई देशों के राजनेता, पूर्व प्रधानमंत्री, गवर्नर और अन्य नेता भी आएंगे
महाकुंभ 2025 में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा सहित बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री मदन सहनी, नीतीश मिश्रा, केदार प्रसाद गुप्ता और डॉ. प्रेम कुमार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मध्य प्रदेश से नागर सिंह चौहान, सम्पतिया उड़के और सांसद अनिता नागर सिंह चौहान का आगमन होगा, जबकि हिमाचल प्रदेश की गवर्नर जानकी शुक्ला भी शामिल होंगी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और उत्तराखंड के उपाध्यक्ष विनय रूहेला भी आयोजन में शिरकत करेंगे। विदेशों से मॉरीशस के मंत्री महेंद्र गुगा प्रसाद, म्यांमार के केंद्रीय मंत्री यू टिन ऊ ल्विन, गुयाना की प्रथम महिला आर्य अली और त्रिनिदाद व टोबैगो के सांसद देवेन्द्रनाथ तनकू उपस्थित रहेंगे।
सूरीनाम, फिजी, भूटान, मलेशिया, श्रीलंका के कई बड़े मंत्री भी करेंगे स्नान
अन्य प्रमुख अतिथियों में सूरीनाम के रक्षा मंत्री कृष्णाकोमेरी मारहोवे और मंत्री रिश्मा एन. कुलदीप सिंह, फिजी के मंत्री अग्नि देव सिंह, भूटान के डीएन धुंग्येल, मलेशिया के उप मंत्री वाईबी दातो रामानन रामकृष्णन और श्रीलंका के मंत्री डॉ. दम्मिका पाटबेंडी शामिल हैं। इंडिया फाउंडेशन के राम माधव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, महाराष्ट्र के मंत्री संजय श्रीसत और एडवोकेट आशीष शेलार भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। शंकराचार्य महाराज स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज भी आएंगे। यूपी महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान और उपाध्यक्ष चारू चौधरी भी शामिल होंगी।
भीड़ के चलते दूर ही रोके जाएंगे वाहन, स्कूलों में छुट्टी, चलेंगी ऑनलाइन क्लासेस
प्रशासन को उम्मीद है कि महाकुंभ के आखिरी सप्ताह में भीड़ और अधिक बढ़ेगी। संगम क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर 8 से 10 किमी तक वाहनों को रोका गया। श्रद्धालु पार्किंग से शटल बसों और ई-रिक्शा के जरिए घाटों तक पहुंचे। प्रशासन ने भीड़ के दबाव को देखते हुए स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि आवागमन में असुविधा और विद्यार्थियों के हित में 21 फरवरी से 26 फरवरी तक जनपद के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में स्थित कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों में कक्षाएं आनलाइन संचालित की जाएंगी।
अब तक 58 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ महाकुंभ का समापन होगा। इसके लिए भी सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रयागराज आने-जाने वाली आठ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और चार ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
महाकुंभ 2025 का यह अंतिम वीकेंड भक्तों के लिए विशेष अवसर लेकर आया है। संगम तट पर स्नान करने पहुंचे विशिष्ट लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भव्य बना दिया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को आस्था और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने की अपील की है।