भारत ने सोमवार को यूनाटेड किंगडम से आने वाली फ्लाइट पर अस्थायी पाबंदी लगा दी है। यूके में कोरोना महामारी की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने एहतियातन ये कदम उठाया है। 22 दिसंबर से यूके से आने वाले विमानों पर ये प्रतिबंध लागू रहेगा। फिलहाल 31 दिसंबर तक ये पाबंदी जारी रहेगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बयान में कहा,“यूके में कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए, भारत सरकार ने यह तय किया है कि यूके से भारत आने वाले विमानों पर प्रतिबंध रहेगा। 31 दिसंबर तक ये पाबंदी जारी रहेगी। 22 दिसंबर से ये पांबदी लागू हो जाएगी।”
मंत्रालय ने कहा कि यूके से आने वाले सभी यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। जो भी यात्री हाल में यूके से आए हैं उनका कोरोना टेस्ट किया जाएगा। यही नहीं कल तक एयरपोर्ट पर यूके से जो विमान आएंगे उनसे उतरे यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। बता दें कि यूके में कोरोना की स्थिति को देखते हुए यूरोप के अन्य देशों ने भी यूके के साथ यातायात संबंधी प्रतिबंध लगाए हैं।
फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स,ऑस्ट्रिया, स्विटजरलैंड,आयरलैंड, बैल्जियम,इजरायल और कनाडा ने पर्यटन और यातायात से जुड़े प्रतिबंध यूके पर लगाए हैं। पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा कि कोरोना संक्रमण का नया स्ट्रेन देश के लिए बहुत घातक है।
बता दें कि यूके में कोरोना की स्थिति के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी गहरा असर पड़ा है। कई देशों के शेयर मार्केट इससे प्रभावित हुए हैं। माना जा रहा है कि यूके में कोरोना का नया स्ट्रेन 70 प्रतिशत अधिक संक्रामक है। कोरोना के नए स्ट्रेन के चलते यूके ने लॉकडाउन भी लगाया है।
आज केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री डॉ हर्षवर्धने ने बताया कि भारत सरकार यूके में कोरोना के नए स्ट्रेन से परिचित है। मंत्री ने कहा कि भारत में इससे लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
हर्षवर्धन ने कहा,”इस समय, मैं कहूंगा कि परेशान न हों। हम पूरी तरह से सतर्क हैं। पिछले एक साल में, जैसा कि आप सभी ने देखा है, हमने लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय किए हैं। यदि आप मुझसे पूछें, तो घबराने की कोई बात नहीं है।”