बेंगलुरू की मेयर ने जैसे ही प्लास्टिक रैपर से लिपटे एक गिफ्ट कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को दिया, उन पर 500 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। दरअसल, प्लास्टिक पर प्रतिबंध के चलते अपनी ईमानदारी को दिखाते हुए नगर निकाय ने मेयर पर ही फाइन लगा दिया। बेंगलुरू की मेयर गंगाम्बिक मल्लिकार्जुन को 500 रुपये अदा भी करने पड़े। सोशल मीडिया यूजर्स ने जुर्माना की कॉपी ऑनलाइन जारी किए जाने के बाद बृहद बेंगलुरु महानगरपालिक (BBMP) के इस कदम की सराहना की।

2016 में बेंगलुरू में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू हुआ। शहर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए व्यापारियों और निर्माताओं के बाद नागरिक निकाय ने उन सभी पर भी जुर्माना लगाया गया है जो शहर में विनिर्माण, आपूर्ति, भंडारण, परिवहन, बिक्री, वितरण और प्लास्टिक का उपयोग करते हैं।

प्लास्टिक प्रतिबंध में शामिल वस्तुएं प्लास्टिक कवर, कप, चम्मच, प्लेट, झंडे, बैनर, फ्लेक्स, थर्मोकोल (पॉलीस्टीरेन) से बने आइटम और गैर-बुना पॉलीप्रोपाइलीन बैग हैं। नागरिक निकाय के अनुसार, बेंगलुरु में हर महीने उत्पन्न होने वाले 4,000 टन नगरपालिका ठोस कचरे में से प्लास्टिक का योगदान 20 प्रतिशत है।