केंद्र सरकार के नए कृषि क़ानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में किसानों ने महापंचायत आयोजित की है। इस महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यहां जुटे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिंघु बार्डर पर हुई हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जिम्मेदार ठहराया है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा “अभी भाजपाई उत्पातियों ने सिंघु बार्डर पर किसानों के आंदोलन पर पथराव किया है। सारा देश देख रहा है कि भाजपा कुछ पूँजीपतियों के लिए कैसे देश के भोले किसानों पर अत्याचार कर रही है। भाजपा की साज़िश और बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों किसानों पर की जाने वाली निर्दयता घोर निंदनीय है।” अखिलेश ने एक और ट्वीट किया और बताया कि अभी-अभी उन्होने भारतीय किसान संघ (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत से फोन पर बात की है और उनका हालचाल पूछा है।

अखिलेश ने लिखा “अभी राकेश टिकैत जी से बात करके उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। भाजपा सरकार ने किसान नेताओं को जिस तरह आरोपित व प्रताड़ित किया है, वो पूरा देश देख रहा है। आज तो भाजपा के समर्थक भी शर्म से सिर झुकाए और मुँह छिपाए फिर रहे हैं। आज देश की भावना और सहानुभूति किसानों के साथ है।”

पूर्व मुख्य मंत्री ने कहा “सबका पेट भरने वाले किसानों को भाजपा भूखा-प्यासा रखकर व झूठे आरोप लगाकर हराना चाहती है लेकिन चंद भाजपाइयों को छोड़कर सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी आज भी किसानों के साथ खड़े हैं। सपा किसानों के साथ है!”

बता दें कि दिल्ली की सीमाओं पर पुलिसिया कार्रवाई के बाद मुजफ्फरनगर में महापंचायत बुलाई गई है। मुजफ्फरनगर में राकेश टिकैत के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग सिसौली गांव पहुंचे हैं। यहां टिकैत के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। ये समर्थक गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत के खिलाफ हुए प्रशासन के बर्ताव से गुस्से में हैं।