Farmers Protest: किसानों का जत्था दिल्ली कूच करने को तैयार है। किसानों के आंदोलन के कारण लोगों को यातायात संबंधी परेशानी हो सकती है। प्रदर्शन से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से कई रास्तों पर जाने से बचने के लिए कहा है।
दरअसल, फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी को लेकर किसानों और केंद्र की वार्ता विफल रही। चार बार केंद्र और किसानों के बीच बातचीत हुई मगर कोई हल नहीं निकला। इसके बाद प्रदर्शनकारी किसान पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के दो बिंदुओं से आज फिर दिल्ली की ओर अपना मार्च शुरू करेंगे। किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की और लोगों से दिल्ली की कई सड़कों से बचने को कहा।
किन रास्तों पर जाने से बचें
आज यानी 21 फरवरी को खास यातायात व्यवस्था के कारण आप आईपी फ्लाईओवर से ए-प्वाइंट की ओर, इसके विपरीत आईटीओ चौक, डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, शांति वन क्रॉसिंग और राजघाट की ओर जाने वाले दोनों कैरिजवे में आईपी मार्ग से बचें।
अधिकारियों ने आगे कहा कि सड़क बंद होने के कारण दिल्ली के तीन सीमा बिंदुओं के आसपास के इलाकों में आज भीड़ देखी जा सकती है। टिकरी और सिंघू – दिल्ली-हरियाणा सीमा पर पुलिस कर्मियों की भारी तैनाती की गई है। इसके साथ ही कंक्रीट बैरिकेड और लोहे की कीलों की कई परतें लगाकर इन्हें सील कर दिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो बुधवार को गाजीपुर बॉर्डर भी बंद किया जा सकता है। किसानों और सरकार के बीच आखिरी दौर की बातचीत रविवार आधी रात को समाप्त हुई थी। मंत्रियों के एक पैनल ने किसानों से पांच फसलें- मूंग दाल, उड़द दाल, अरहर दाल, मक्का और कपास को 5 सालों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का प्रस्ताव रखा।
इस पर संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने मंगलवार को कहा कि विरोध करने वाले किसानों ने सरकार के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह किसानों के हित में नहीं है।
बढ़ाई गई सीमा सुरक्षा
प्रदर्शनकारी किसानों के दिल्ली मार्च से एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने टीकरी, सिंघू और गाजीपुर सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। पुलिस ने यह कदम तब उठाया जब एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारी किसानों ने पांच सालों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी एजेंसियों के मार्फत दालें, मक्का और कपास की फसलें खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
इन किसानों ने बुधवार को अपना ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन पर आगे बढ़ने की घोषणा की। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि इन तीन सीमाओं पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को मंगलवार को सतर्क रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को दिक्कत हो सकती है। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा ‘दिल्ली चलो’ मार्च की अगुवाई कर रहे हैं।