Kisan News: शंभू बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। शुक्रवार दोपहर दिल्ली की तरफ मार्च करने के असफल प्रयास के बाद किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने मोदी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार घमंडी और किसानों से ऐसा व्यवहार कर रही है, जैसा दुश्मन देश के लोगों के साथ किया जाता है।
सरवन सिंह पंधेर इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है पीएम नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति की बात भी नहीं सुन रहे हैं।
शुक्रवार शाम मीडिया से बातचीत में सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि हम शनिवार के दिन वार्ता शुरू करने का इंतजार करेंगे, अपने जख्मियों का इलाज करवाएंगे, नहीं तो परसों दोपहर बारह बजे किसानों का जत्था शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेगा।
‘मोदी सरकार घमंडी है, वो कॉर्पोरेट के एजेंडे पर चल रही है’
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा,”मुझे लगता है जो उपराष्ट्रपति जी ने बोला, प्रधानमंत्री उनकी बात भी नहीं मान रहे। अगर वार्ता का दौर शुरू हुआ होता तो इस आंदोलन का सुखद हल निकल चुका होता। मोदी सरकार घमंडी है, वो कॉर्पोरेट के एजेंडे पर चल रही है, किसान के साथ व्यवहार ऐसा हो रहा है, जैसा दुश्मन देश के लोगों के साथ किया जाता है। हम तो आज भी चाहते हैं कि अंबाला का इंटरनेट चलाइए, वहां के स्कूल खोलिए, लोगों को तंग मत करिए। सरकार वार्ता के लिए मन नहीं बना रही है। सरकार का वार्ता के लिए मन बनेगा को चिट्ठी रात तक हमें आ जाएगी।”
राहुल गांधी बोले- किसानों को रोकने का प्रयास निंदनीय
कांग्रेस पार्टी के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि किसानों दिल्ली आने से रोकने का प्रयास निंदनीय है। सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनकर उस पर अमल करना चाहिए। राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, “किसान, सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखने और अपनी पीड़ा को व्यक्त करने के लिए दिल्ली आना चाहते हैं। उन पर आंसू गैस के गोले दागना और उन्हें तरह-तरह से रोकने का प्रयास करना निंदनीय है। सरकार को उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।”