बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने पति और राष्ट्रीय जनता दल के चीफ लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में पहुंची हैं। लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले से जुड़े मामले में जेल की सजा हुई है और फिलहाल उनका इलाज रिम्स में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक हाल ही में राबड़ी देवी ने दिल्ली में अपनी आंख का इलाज कराया है और उसके बाद वो दिल्ली से सीधे रांची पहुंची हैं अपने पति से मिलने। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राबड़ी देवी के साथ उनकी बेटी मीसा भारती भी हैं।

राबड़ी देवी सोमवार की सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंची। यहां झारखंड राजद अध्यक्ष अभय सिंह ने उनका स्वागत किया। लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए राबड़ी देवी और मीसा भारती ने जेल प्रबंधन की विशेष अनुमति ली है। दरअसल लालू प्रसाद से हर शनिवार को ही मुलाकात किया जा सकता है। लेकिन इस मुलाकात के दौरान राबड़ी और मीसा भारती उनका हालचाल जानेंगी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान बहू ऐश्वर्या को लेकर भी बातचीत हो सकती है। हाल ही में तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या ने अपनी सास और ननद मीसा भारती पर घरेलू हिंसा से संबंधित कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। इस मामले मं ऐश्वर्या ने राबड़ी देवी के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया है।

लालू यादव इस वक्त अनियंत्रित डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट की बीमारी, क्रॉनिक किडनी डिजीज जैसी कई अन्य बीमारियों से गुजर रहे हैं। रिम्स में भर्ती लालू यादव से पिछले कुछ महीनों में उनके परिवारिक सदस्यों के अलावा शरद यादव, हेमंत सोरेन, सुबोधकांत सहाय, शत्रुघ्‍न सिन्‍हा, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी समेत कई दलों के नेता मुलाकात कर चुके हैं। बता दें कि चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपए की अवैध निकासी के मामले में लालू प्रसाद यादव 16 जनवरी को विशेष अदालत में पेश हुए थे। अदालत में उनका बयान दर्ज हुआ था। लालू, चारा घोटाला के चार मामलों में दोषी ठहराए गए हैं। वह दिसंबर 2017 से जेल में हैं।