देश में कोरोना वायरस महामारी और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भारतीय चुनाव आयोग ने विभिन्न राज्यों में होने वाले लोकसभा और विधानसभा के उपचुनाव रद्द कर दिए हैं। कई राज्यों में सात सितंबर तक ये उपचुनाव होने थे और मगर देश बाढ़ और कोरोना की स्थिति को देखते हुए इन्हें फिलहाल रद्द कर दिया गया है। गुरुवार (23 जुलाई, 2020) को चुनाव आयोग बयान जारी कर कहा कि जैसे ही देश में हालात सामान्य होंगे उपचुनाव कराए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन से असम बुरी तरह प्रभावित है। राज्य में पिछले चौबीस घंटे में हालात और भी ज्यादा बिगड़े हैं और दो अन्य लोगों की मौत हो गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुताबिक प्रदेश में 26 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं और प्रभावितों की संख्या बढ़कर अब 26 लाख का आंकड़ा पार कर गई है।

अब तक राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से 115 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें 89 लोग बाढ़ से संबंधित घटनाओं में मारे गए, वहीं 26 ने भूस्खलन में जान गंवा दी। प्राधिकरण ने कहा कि धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, दर्रांग, बकसा, नलबारी, बारपेटा, चिरांग, बोंगईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सलमारा, गोलपाड़ा, कामरूप, कामरूप महानगर, मोरीगांव, नगांव, होजई, गोलाघाट, जोरहट, माजुली, शिवसागर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, पश्चिम कार्बी आंगलोंग और कछार जिलों में 26.31 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

Rajasthan Government Crisis LIVE Updates

इधर कोरोना वायरस के चलते देश में स्थिति प्रतिदिन खराब होती जा रही है। भारत में पिछले चौबीस घंटे में रिकॉर्ड 45,720 नए मामले सामने आने के बाद आज संक्रमितों की कुल संख्या देश में 12 लाख का आंकड़ा पार कर गई। वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 1,129 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 29,861 हो गई।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में तीन दिन के अंदर ही कोविड-19 के मामले 11 लाख से 12 लाख के पार पहुंच गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश में अब केविड-19 के 12,38,635 मामले हैं, जिनमें से 7,82,606 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। देश में अभी 4,26,167 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है। (एजेंसी इनपुट)