मध्य प्रदेश में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में एक महिला ने सड़क पर जमकर बवाल काटा। बता दें कि यह मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का है। जहां एक महिला ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा कार्रवाई किये जाने पर पुलिस वालों पर झपटते हुए बोली कि मैं भी वकील हूं। यह घटना भोपाल के लालघाटी चौराहे की है। जहां रविवार को सूबेदार महेश जगदेव तीन पुलिसकर्मियों के साथ चेकिंग कर रहे थे।
भेदभाव के साथ कार्रवाई का आरोप: इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि महिला पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी वीडियो बना रहा है। ऐसे में महिला ने मोबाइल पर झपटते हुए कहा कि मैं इंदौर हाईकोर्ट में वकील हूं। चालान कोर्ट पहुंचा देना। महिला के साथ गाड़ी में मौजूद शख्स ने पुलिसवालों पर भेदभाव का आरोप लगाया।
शख्स का आरोप है कि पुलिसवालों ने भाजपा की गाड़ियों को जाने दिया और हमें रोक लिया। बता दें कि पुलिस और महिला के बीच करीब 5 मिनट तक बहस होती रही। महिला का आरोप है कि भेदभाव के साथ पुलिस कार को रोककर चालान काट रही थी। भाजपा का झंडा लगाकर निकली एक कार को पुलिस ने जाने दिया।
आरोप- भाजपा झंडा लगी कार को नहीं रोका: महिला का कहना है कि मेरे सामने निकली कार में भी लोगों ने सीट बेल्ट व मास्क नहीं लगाया था। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसपर कार्रवाई नहीं की। महिला ने कहा कि दूसरे जिले की कार देखकर पुलिस हमें परेशान कर रही है। इन आरोपों पर पुलिस की तरफ से कहा गया है कि कार्रवाई को लेकर भेदभाव नहीं किया जा रहा है। महिला द्वारा हंगामा किये जाने से हम भाजपा झंडा लगी कार को रोक नहीं पाये।
इस बीच पुलिस ने वाहन चालक का लाइसेंस चेक किया। उसमें चालक का नाम विवेक तिवारी पता सुदामा नगर इंदौर लिखा है। वहीं दिसंबर में शुरुआत में आई एक खबर के मुताबिक मध्य प्रदेश में ट्रैफिक पुलिस साल खत्म होने से पहले अपने लक्ष्य को पूरा करने में जुटी है। ऐसे में वाहन चेकिंग अभियान में तेजी दिखाई दे रही है।