Bharat Jodo Yatra: कर्नाटक में चल रही भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी गुरुवार (6 अक्टूबर) को मांड्या जिले में मार्च के दौरान भारी भीड़ की वजह से गिर गई एक लड़की की मदद करते नजर आए थे। अब शुक्रवार को राहुल गांधी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक महिला को मास्क पहनाते दिखाई दे रहे हैं। राहुल गांधी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उनके इस वीडियो पर लोग कमेंट भी कर रहे हैं।
कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कर्नाटक में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महिला को पहनाया मास्क। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- क्या चाहिए हिंदुस्तान को…ये मोहब्बत, सहजता और अपनापन। पिछले 8 सालों में नफ़रत की खाई बहुत चौड़ी हो गई है, उसमें सपने जमींदोज हो रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा उस खाई को पाट देगी।
राहुल गांधी के वीडियो पर यूजर्स का ऐसा रहा रिएक्शन
कांग्रेस की तरफ से शेयर किए गए वीडियो पर एक ट्विटर यूजर ने लिखा-“रायबरेली बचाओ”। दूसरे यूजर ने लिखा-“ये प्यार शहंशाह को नसीब ही नहीं और ना ही शहंशाह को ये पसंद है। प्यार फैलाने राहुल गांधी निकले हैं, ऐसे प्यार भी राहुल गांधी को मिल रहा।” एक और ट्विटर यूजर ने लिखा- “क्या चाहिए कांग्रेस को? सत्ता, सिंहासन, और मनमोहन सिंह जैसा सरदार!” इसी तरह से इस वीडियो पर लगातार कमेंट्स आ रहे हैं।
रैली में लड़की की मदद करते दिखाई दिए थे राहुल-सोनिया
इसस पहले कांग्रेस अपने ट्विटर हैंडल से एक और वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उस लड़की को पकड़े हुए देखा जा सकता है, जिसके हाथों में तिरंगा था और उसकी पीठ पर मलते हुए देखा जा सकता है। राहुल को यह पूछते हुए देखा जा सकता है कि क्या लड़की ठीक है। गांधी परिवार के इस इशारे ने लोगों का दिल जीत लिया। इससे पहले गुरुवार (6 अक्टूबर) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उस वायरल फोटो में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के जूते के फीते बांधते दिखाई दिए थे।