कर्नाटक चुनाव में बजरंग दल का मुद्दा छाया था। वहीं मध्य प्रदेश चुनाव से पहले एक बार फिर से बजरंग दल पर बहस छिड़ गई है। दरअसल दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर कांग्रेस की सरकार मध्य प्रदेश में बनती है तो बजरंग दल पर कोई बैन नहीं लगाया जाएगा।
बजरंग दल में अच्छे लोग: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बजरंग दल में अच्छे लोग भी हैं। हालांकि जो गुंडा होगा उसे छोड़ नहीं जाएगा। बता दें कि इससे पहले कमलनाथ ने भी हिंदू राष्ट्र को लेकर बड़ा बयान दिया था। वहीं अब दिग्विजय सिंह का बजरंग दल पर दिया गया बयान लोगों को आश्चर्य कर रहा है।
दिग्विजय सिंह ने सावरकर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व शब्द को सावरकर ने ही गढ़ा है और किसी भी तरह का सॉफ्ट या हार्ड हिंदुत्व नहीं होता है। सावरकर को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि सावरकर द्वारा दिया गया हिंदुत्व शब्द का सनातन धर्म से कोई भी लेना देना नहीं है। जो लोग संविधान की शपथ लेकर हिंदुत्व की बात करते हैं उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि कुछ दिन पहले कमलनाथ ने कहा था कि देश में 80 फ़ीसदी से अधिक हिंदू है, ऐसे में यह तो हिंदू राष्ट्र ही है। वहीं कमलनाथ के बयान पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हिंदुओं की संख्या गिनाना गलत बात है। कुछ लोग मेरे और कमलनाथ जी के बीच गलत विवाद पैदा करना चाहते हैं। हम साथ पिछले 4 दशकों से कम कर रहे हैं और कोई विरोधी हमें अलग करने में सफल नहीं हो पाया है।
दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने किया पलटवार
दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पलटवार किया है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि यह लोग हिंदू विरोधी हैं क्योंकि उन्होंने हिंदुओं को आतंकवादी कहा और आतंकियों का समर्थन किया। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि देश पहले से ही हिंदू राष्ट्र था और रहेगा। संविधान किसी भी प्रकार से भेदभाव नहीं करता।