नई दिल्ली। राजग सरकार के मंत्रिमंडल में दागी मंत्रियों को शामिल किये जाने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए आज भाजपा ने कहा कि कांग्रेस जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से हताश होकर इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल में दागी या आपराधिक रिकॉर्ड वाले मंत्री नहीं हैं। कुछ लोगों के खिलाफ जो मामले दर्ज हैं, वे कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों द्वारा राजनीति से प्रेरित होकर दर्ज कराये गये हैं और जिनमें अदालतों में कोई सबूत नहीं पेश किया जा सका है।’’

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मोदी ने कैबिनेट में दागी मंत्रियों को शामिल किया है। शर्मा ने कहा, ‘‘कांग्रेस की हताशा इस तरह के झूठे और बेबुनियाद आरोपों के रूप में सामने आ रही है, जिनका उद्देश्य मोदी सरकार की छवि खराब करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को इस तरह के आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है क्योंकि वह जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि इसी वजह से प्रधानमंत्री ने नेताओं के खिलाफ मामलों को फास्ट-ट्रैक अदालत में चलाने की बात कही है।
कैबिनेट विस्तार पर मोदी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए आज कांग्रेस नेता अजय माकन ने आरोप लगाया कि कुछ दागी लोगों को सरकार में जगह मिली है।