Weather Update In North India: उत्तर भारत घने कोहरे (Heavy Fog) की चपेट में है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह मौसम की सबसे सर्द सुबह रही, जब न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान दृश्यता (Visibility) घटकर 500 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित (Road And Rail Traffic Affected) हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले पांच दिन में कोहरा और बढ़ेगा।
इससे उत्तर भारत के अधिकतर राज्य शीतलहर की चपेट में होंगे। इस बदलाव की वजह कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज होना बताया जा रहा है। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से भी कम दर्ज किया गया है। पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह दृश्यता बहुत कम रही।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले चार से पांच दिन दिन तक इस स्थिति में उत्तर पश्चिम भारत में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है। जबकि पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा और यह अगले 24 घंटे में दो से चार डिग्री तक बदल सकता है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह से लेकर शाम तक कोहरे जैसी स्थिति देखने को मिली। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई।

कोहरे के कारण सूरज भी कुछ देर के लिए ही दिखाई दिया। इससे शाम चार बजे से ही सर्दी बढ़नी शुरू हो गई थी। वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली में वायु गुणवत्ता के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में शुक्रवार देर शाम वायु गुणवत्ता का स्तर बेहद खराब स्थिति में दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम व न्यूनतम दोनों ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। शुक्रवार को गुरदासपुर पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमृतसर में 6.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 7.1 डिग्री, पटियाला में 6.2 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 8.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।