उत्तर भारत के ज्यादातर इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। पंजाब और हरियाणा में तापमान शून्य के करीब दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आज घना कोहरा छाया हुआ है जिसके चलते सड़कों पर विजिबिलिटी भी काफी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय घने कोहरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि शीतलहर की स्थिति अभी बनी रह सकती है।

IMD का कहना है कि सुबह से ही आसमान में कोहरा छाया रहेगा लेकिन दोपहर में मौसम साफ होगा पर कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान सुबह हवाओं की रफ्तार 5-10 किलोमीटर प्रतिघंटा और दोपहर बाद बढ़कर 10-15 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान 21-23 व न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली में सर्दी का नया रिकॉर्ड

राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह सर्दी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से भी कम रहा। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली में ठंडी महसूस हुई। गुरुवार की सुबह दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान बीते पंद्रह वर्षों में 15 जनवरी का सबसे कम तापमान बताया जा रहा है। इससे पहले 15 जनवरी 2024 को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को सर्वाधिक ठंडा स्थान पालम निगरानी केंद्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह पालम में 6 बजे सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई।

पढ़ें- नोएडा से गुरुग्राम यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत

पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी ठंड का कहर

मौसम विभाग के मुताबिक, कड़ाके की यह ठंड सिर्फ उत्तरी क्षेत्र तक ही सीमित नहीं है, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे पूर्वी राज्य भी सर्दी की मार झेल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में गुरुवार को तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह फिर भी फ्रीजिंग पॉइंट से काफी नीचे बना हुआ है।हाड़ कंपा देने वाली ठंड के चलते कई जल स्रोतों के हिस्से जम गए हैं, जिसमें यहां डल झील के अंदरूनी हिस्से भी शामिल हैं। दक्षिण कश्मीर का शोपियां सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा शून्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पुलवामा में भी तापमान शून्य से 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।

नोएडा देश का सबसे प्रदूषित शहर

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार नोएडा एक बार फिर देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। गुरुवार को नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 344 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। इसके बाद दिल्ली 343 एक्यूआई के साथ दूसरे और ग्रेटर नोएडा 342 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। गाजियाबाद में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 321 दर्ज किया गया।

दिल्ली में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। द्वारका में 378, जहांगीरपुरी में 379, बुराड़ी और मुंडका में 364 और चांदनी चौक में 363 एक्यूआई दर्ज किया गया।

पढ़ें- DMRC 10 स्टेशनों पर शुरू करेगी भारत टैक्सी