दिल्ली में रविवार को शीतलहर के हालात रहे और कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले दो दिनों तक भी ऐसी ही हालात रहने का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने शीतलहर की स्थिति बनी रहने का अनुमान जताया है और सोमवार को न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।

पालम में रविवार को पिछले 13 वर्षों में सबसे कम तीन डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। इससे पहले पालम केंद्र पर 7 जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, पालम में अबतक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 जनवरी 1967 को शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। आंकड़ों के अनुसार, आयानगर शहर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी का मौसम कैसा रहेगा

रविवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा और कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज हुई। राज्य सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ का 4.1 डिग्री दर्ज किया गया। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश में 12-13 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना जताते हुए गंगा के मैदानी इलाकों सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री कम रहने की बात कही है।

पढ़ें- दिल्ली ने देखा सबसे ठंडा दिन, 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान

रविवार को पंजाब-हरियाणा के कई इलाकों में घना कोहरा होने की वजह से विजिबिलिटी 50-199 मीटर तक दर्ज की गई और कुछ इलाकों में शीत लहर दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, 12-17 जनवरी तक दोनों राज्यों को कोहरे और शीतलहर से आराम मिलता नहीं दिख रहा है। रविवार को हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.5 दर्ज हुआ।

राजस्थान का मौसम

रविवार को राजस्थान के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी ने संभावना जताई है कि राज्य के उत्तरी भागों में अगले दो दिनों के लिए शीत लहर और घना कोहरा होने की संभावना है। रविवार को पूर्वी राजस्थान के फतेहपुर सर्वाधिक ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 2.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि झुंझुनू में 1.9 डिग्री रहा। वहीं पश्चिमी राजस्थान में नागौर सर्वाधिक ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री रहा।

जम्मू-कश्मीर में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे

जम्मू-कश्मीर में शीतलहर के चलते काफी भीषण स्थिति बनी हुई है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से कई डिग्री नीचे गिर गया है। तापमान शून्य से नीचे रहने व आसमान साफ रहने के कारण डल झील और अन्य जलस्त्रोतों के कुछ हिस्से जम गए हैं। श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण कश्मीर में शोपियां घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा है कि 21 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पढ़ें- 12 घंटे में 9 भूकंप के झटके, भारत के इस राज्य में सहम गए लोग

उत्तराखंड के कई इलाकों में पाला

आईएमडी के अनुसार, उत्तराखंड के कई इलाकों में पाला पड़ने की स्थिति रही। पौढ़ी गढ़वाल के रानीचौरी का न्यूनतम तापमान सबसे कम 0.8 डिग्री रहा। जबकि पंत नगर का 1.8, मुक्तेश्वर 1.5 और नई टिहरी में 2.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी ने उत्तराखंड के लिए 12-15 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है, इस दौरान शीतलहर के साथ ही घना कोहरा होने की संभावना है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक ठंडा स्थान कुकुमसेरी रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी ने राज्य के बिलासपुर और हमीरपुर के लिए 12 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी में शीतलहर और घना कोहरा होने का येलो अलर्ट जारी किया है।