Weather Forecast Update, UP, Bihar, Delhi, IMD: देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ठंड बढ़ने के आसार है। गुरुवार (16 जनवरी) को तड़के राजधानी में सुबह हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है। अचानक से ठंड में इजाफा देखने को मिला है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पंजाब के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहेगा वहीं पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी ऐसे ही हालात रहेंगे। जबकि ओडिशा, एमपी, चंडीगढ़,राजस्थान और हरियाणा में बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर, गौतम बौद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, महाराजगंज जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अगले 3 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है।
कई इलाकों में छाया रहा घना कोहराः बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के कई जिलों में बुधवार (15 जनवरी) को हल्की बारिश हुई। बादल छाए रहने से हवा में गलन नहीं रही और लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी से कुछ राहत मिली है। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़े। इस दौरान राज्य के अनेक पूर्वी भागों में सुबह और रात को घना कोहरा छाया रहा। कुछ जगहों पर शीतलहर भी चली हैं।
Delhi: Cold wave and fog continues in the national capital; visuals from India Gate. pic.twitter.com/eUm6iyomPV
— ANI (@ANI) January 16, 2020
दिन के तापमान में हुई बढ़ोत्तरीः पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, गोरखपुर तथा मुरादाबाद मण्डलों में दिन के तापमान में इजाफा हुआ है। हालांकि झांसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद तथा इलाहाबाद में यह सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इस में इलाहाबाद, लखनऊ, बरेली, फैजाबाद, कानपुर, मुरादाबाद, झांसी तथा आगरा में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा।
Hindi News Live Hindi Samachar 16 January 2020: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कई हिस्सों में बारिश का अनुमानः इस दौरान बहराइच राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी भागों में ज्यादातर स्थानों पर तथा पूर्वी हिस्सों में अनेक इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
शीतलहर का प्रकोप जारीः पंजाब और हरियाणा में बुधवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और कुछ जगहों पर तापमान शून्य के आसपास दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 2.6 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पंजाब के अमृतसर में तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, हलवारा में 2.5 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में तीन डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट के 3.5 डिग्री सेल्सियस, और बठिंडा में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में छाया रहा घना कोहराः मामले में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रात का तापमान करनाल में पांच डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.3 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.2 डिग्री सेल्सियस, आदमपुर में 5.1 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 6.6 डिग्री सेल्सियस, और पाटियाला में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़, पठानकोट और अंबाला में पारा सामान्य के करीब रहा है। अधिकारी ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण दृश्यता में कमी रही है।