Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान होने में महज कुछ ही दिनों का समय बाकी है। इस बार का मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत झोंक रही है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप और कांग्रेस में एक बार फिर से मुस्लिम वोट बैंक को लेकर कड़ी टक्कर होने के आसार हैं। पिछले दो चुनावों पर गौर करें तो आप ने मुस्लिम बहुल सीटों पर कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है।

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में साल 2013 में हुए चुनाव में मुस्लिम बहुल 11 सीटों में से 6 पर कांग्रेस ने बाजी मारी थी। लेकिन साल 2015 में मुस्लिम वोट बैंक कांग्रेस पार्टी के हाथ से निकल गया। इस चुनाव में आप ने 11 में 10 सीटों पर बाजी मारी थी। कांग्रेस पार्टी का वोट शेयर 2013 के मुकाबले 2015 में 18 फीसदी तक लुढ़क गया। 2020 के विधानसभा चुनाव में आप को 9 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं हुई।

साल 2020 में क्या रहे थे समीकरण

2020 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम वोटर्स पूरी तरह से आम आदमी पार्टी के खाते में चले गए। आम आदमी पार्टी ने चांदनी चौक, मटियामहल, बल्लीमारन, ओखला, सीमापुरी, सीलमपुर, बाबरपुर सीट आम आदमी पार्टी 20 फीसदी मर्जिन से जीती। इन सीटों पर किसी टाइम कांग्रेस का दबदबा हुआ करता था। इन सभी सीटों पर कांग्रेस पार्टी पहले पायदान से खिसककर तीसरे पायदान पर आ गई।

ये भी पढ़ें: रद्द किए गए तीन कृषि कानून फिर लागू कर सकता है केंद्र

आम आदमी पार्टी के लिए केवल कांग्रेस पार्टी ही नहीं बल्कि असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM भी मुश्किलें बढ़ाती हुई नजर आ रही है। एआईएमआईएम ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को मुस्तफाबाद से अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार ओवैसी की पार्टी 10 सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार चुनावी दंगल में उतारेगी।

किस पार्टी ने कितने मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया?

भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक कोई भी लिस्ट जारी नहीं की है। वहीं कांग्रेस पार्टी की तरफ से 47 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। आप ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस साल अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने 5 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी आप ने पांच ही सीटों पर उम्मीदवारों को उतारा था। दिल्ली में कुल 13 फीसदी मुस्लिम आबादी है। क्या BJP के लिए वोट मांगेंगे मोहन भागवत पढ़ें पूरी खबर…