Delhi Heatwave IMD Orange Alert: दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके कारण जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है। दिल्ली में सोमवार को मौसम का पहला हीटवेव डे दर्ज किया गया। इसके बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और चल रही हीटवेव से खुद को बचाने के लिए कदम उठाने की चेतावनी देते हुए अगले तीन दिनों तक तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की चेतावनी
आईएमडी ने एक बयान में कहा, “अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है।” मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में हीटवेव को 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक के अधिकतम तापमान के रूप में परिभाषित किया जाता है। वहीं जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस और औसत से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है और यह मौसम विज्ञान सब डिवीज़न के भीतर दो स्टेशनों पर कम से कम दो दिनों तक बना रहे, तब भी हीटवेव कहलाता है।
मंगलवार यानि 10 जून को दिल्ली के सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर तापमान काफी अधिक रहा। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से काफी अधिक रहा। आयानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं रिज में 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सबसे अधिक 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पालम, सफदरजंग और लोधी रोड में भी क्रमशः 44.3 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस और 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सभी अपने सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
जानें कैसा रहेगा यूपी में मौसम
उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्लूमी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गर्मी और लू का सिलसिला जारी रहने वाला है। यूपी के नोएडा, झांसी समेत 27 जिलों में लू का अलर्ट है। लखनऊ में भी गर्मी चरम पर है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ दिन तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की भी उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 11 जून तक का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हीट वेव और धूल भरी तेज हवाएं भी चलेंगी। गाजियाबाद में भी हीट वेव घोषित किया गया है। वहीं हालात को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।