दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्य कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण ठंड पड़ रही है। कई राज्य कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में तो पारा 4.3 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में भीषण ठंड पड़ रही है।
गाजियाबाद में गुरुवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम 12.5 और न्यूनतम 7.7 रहा, जबकि पालम में अधिकतम 11.4 डिग्री और न्यूनतम 7.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नोएडा में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब-हरियाणा समेत चार राज्यों में ठंड को लेकर स्थिति गंभीर रहने वाली है। उधर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी यूपी ,दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री दर्ज किया गया है।
हिमाचल में शून्य से छह डिग्री नीचे से लेकर सात डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया है। उत्तर भारत में कई राज्यों में हल्की बारिश हुई है, जिसे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अगले दो दिनों में गलन बढ़ेगी। राजस्थान के सीकर में पारा एक डिग्री तक पहुंचा गया है। माउंट आबू में भी तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है। मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 15 राज्यों में गुरुवार को दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। भोपाल, जयपुर समेत उत्तर और मध्य भारत के 22 शहरों में दृश्यता 200 मीटर से कम रह गई।
इस वजह से दिल्ली पहुंचने वाली 26 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। कर्नाटक के कुछ तटीय इलाकों में बारिश की पीली चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिले में 5.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 5.4 मिमी ज्यादा है। बारिश से इन इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार रात को न्यूनतम तापमान सीकर में 1.0 डिग्री व फतेहपुर में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.1 डिग्री, फलोदी में 4.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 5.0 डिग्री, बीकानेर में 5.2 डिग्री, चूरू व पिलानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में गंगानगर में न्यूनतम व अधिकतम तापमान क्रमश: 7.5 डिग्री व 11.5 डिग्री जबकि संगरिया में 7.1 डिग्री व 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा जबकि पूर्वी राजस्थान में कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं राजस्थान में 7-8 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 7-9 जनवरी के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।