नितिन नवीन को बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। 20 जनवरी को नितिन नवीन ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला। इस दौरान पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में मौजूद रहे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा भी शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं के बीच घूमते रहे बड़े नेता

भाजपा मुख्यालय में बड़े नेताओं के अलावा सामान्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सहजता से घूमते नजर आए। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परिसर में सेल्फी लेने वालों की भीड़ ने घेर लिया।

योगी-शिवराज के साथ सेल्फी लेने की मची होड़

सेल्फी के लिए लगातार हो रही मांगों के कारण लगभग आधे घंटे तक शिवराज चौहान हिल भी नहीं पाए। वहीं योगी आदित्यनाथ को देखने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी। पार्टी कार्यकर्ताओं और फोटोग्राफरों की धक्का-मुक्की के बीच सुरक्षाकर्मियों को उनके लिए रास्ता बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने लिया पहला फैसला, विनोद तावड़े-राम माधव को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बता दें कि 19 जनवरी से बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हुई थी। 19 जनवरी से ही भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। बड़े नेताओं का तांता लगा हुआ था। 20 जनवरी को जब नाम की घोषणा हुई तब पार्टी के सभी मुख्यमंत्री पार्टी मुख्यालय पर पहुंचे। हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद नहीं थे क्योंकि वह दावोस गए हुए हैं।

जब नितिन नवीन के नाम की घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए हो गई, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उन्हें उनके कार्यालय में जाकर कुर्सी पर बिठाया। इस दौरान नितिन नवीन का पूरा परिवार भी पार्टी ऑफिस में ही मौजूद था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को मिठाई खिलाई और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। पढ़ें क्या बिहार से नितिन नवीन की राज्यसभा में होगी एंट्री?