कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आज ईडी के सामने पेशी हो रही है और ईडी उनसे नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ कर रही है। वहीं इसके विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के राहुल गांधी समेत 50 से अधिक सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर कर दिल्ली पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाल खींचे।
कांग्रेस ने घटना से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया है और वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि दिल्ली पुलिस के जवान श्रीनिवास को गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी उनका बाल खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस वीडियो को शेयर किया है और दिल्ली पुलिस की आलोचना की है और पुलिस को सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि आज विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के 50 से अधिक सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी दिल्ली पुलिस ने विजय चौक से हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। वहीं राहुल गांधी के हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस नेता आग-बबूला हो गए।
हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि सत्य ही इस तानाशाही का अंत करेगा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “तानाशाही देखिए, शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं कर सकते। महंगाई और बेरोज़गारी पर चर्चा नहीं कर सकते। पुलिस और एजेंसियों का दुरूपयोग करके, हमें गिरफ़्तार करके भी कभी चुप नहीं करा पाओगे। सत्य ही इस तानाशाही का अंत करेगा।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन ने कहा कि बीजेपी ने आज कांग्रेस को राजघाट पर सत्याग्रह करने से मना कर दिया है, इससे ज्यादा दुख की बात नहीं हो सकती। अगर गांधी जी की समाधि पर सत्याग्रह नहीं हो सकता, इसका मतलब यह है कि सीधे-सीधे गांधी जी की तरह लोकतंत्र की हत्या हो गई। वहीं अजय माकन के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है, वह महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे सत्याग्रह करेंगे, यह दोगलेपन की पराकाष्ठा है।