दिल्ली पुलिस ने बुधवार को दावा किया कि उसने राजधानी दिल्ली और झारखंड की राजधानी रांची से दो लोगों ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर भारत विरोधी गतिविधियों की योजना बनाने में शामिल होने का शक है। दिल्ली पुलिस को इस बात का भी संदेह है कि गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्ध एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़े है।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल ने बुधवार सुबह दिल्ली से आफताब नाम के एक व्यक्ति और झारखंड के रांची से अशहर दानिश नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बोकारो निवासी दानिश को रांची के इस्लाम नगर स्थित एक लॉज से गिरफ्तार किया गया। महाराष्ट्र निवासी आफताब को सुबह दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया, “ऐसा संदेह है कि ये दोनों दिल्ली और एनसीआर में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की योजना का हिस्सा थे। ऐसा भी माना जा रहा है कि ये दोनों विदेश से चलाए जा रहे एक आतंकी मॉड्यूल के संपर्क में थे।” पुलिस ने बताया कि उन्होंने रांची में अभियान चलाने के लिए झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की मदद मांगी है। टीमें और संदिग्धों की तलाश में दिल्ली और झारखंड के विभिन्न स्थानों पर कई छापे भी मार रही हैं।

यह भी पढ़ें: लाल किला परिसर से स्वर्ण कलश चोरी, संदिग्ध की हुई पहचान, कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी हुए थे शामिल

भारत विरोध गतिविधियों में शामिल होने के इनपुट

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी मिली थी। ये लोग दिल्ली एनसीआर में ‘कुछ बड़ी’ योजना बना रहे थे। इस इनपुट के बाद उन्होंने दिल्ली और झारखंड में कई स्थानों पर समन्वित अभियान चलाया गया। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने करीब आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है और दोनों राज्यों में उनसे पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें: मौलाना साद के भाषणों में पुलिस को नहीं मिला कोई आपत्तिजनक कंटेंट, मरकज केस में पांच साल बाद बड़ा खुलासा