दिल्ली-एनसीआर में जारी कड़ाके की ठंड के बीच बुधवार को कुछ इलाकों में हुई बूंदाबांदी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। अगर तेज हवा चली तो लोगों को गलन भरी सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट और गौतमबुद्धनगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में आज दिन में हल्की बारिश हो सकती है।

यूपी और पंजाब में भी बढ़ी ठंड</p>

पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत में एक दिन की मामूली राहत के बाद गलन फिर बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों में 25 के बाद बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश का अधिकांश हिस्‍सा फिलहाल कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। पंजाब और हरियाणा को शीतलहर से भी मुक्ति नहीं मिली है। दोनों राज्यों में ज्यादातर जगहों पर पारा और लुढ़का है। भीषण सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पटियाला सबसे ठंडा रहा।

कई फ्लाइट पर असर

कोहरे के कारण कई फ्लाइट पर इसका असर पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्‍यता काफी कम रह रही है। इसके चलते विमान संचालन की व्‍यवस्‍था पूरी तरह से गड़बड़ाई हुई है। मंगलवार को दर्जन भर से ज्यादा लाइट्स रद्द हो गईं। वहीं कई विमानों को डायवर्ट भी किया जा रहा है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।