Rainfall in Delhi: पिछले कई दिनों से गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान दिल्लीवासियों को बुधवार की देर रात पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बारिश और ठंडी हवाओं से राहत मिली है। हालांकि देश के कुछ राज्यों में इन दिनों बारिश हो रही है और कई जगह मानसून ने दस्तक भी दे दी है। इससे मौसम सुहावना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम, शेष पूर्वोत्तर भारत, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, केरल के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
दूसरी तरफ राजधानी दिल्ली और एनसीआर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री नीचे है। उसने बताया कि पिछले 24 घंटे (बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) में शहर में दो मिलीमीटर बारिश हुई।
लगातार बारिश और दिहिंग नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण 15 जून को असम के बक्सा जिले के सुबनखाटा इलाके में स्थित पुल का एक हिस्सा गिर गया। इससे आवागमन ठप हो गया।

मौसम कार्यालय ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 56 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को सुबह आठ बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 130 रहा। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

उधर, संभावना जताई गई है कि गुरुवार को छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली आदि राज्यों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है। साथ ही आकाश में बादल छाए रहेंगे। कई राज्यों में प्री-मानसून शुरू होने से गर्मी से लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा और खेती-किसानी के लिहाज से अच्छी बारिश होती रहेगी।
मौसम विभाग ने असम के कामरूप जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते वहां पर शिक्षण संस्थाओं को बंद रखने की सलाह दी गई है। इस बीच लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से पूर्वोत्तर के मेघालय में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-6 का एक हिस्सा धंस गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन ठप हो गया है।
पश्चिमी हिमालय, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तर और पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी, गरज के साथ बारिश हो सकती है।