दिल्ली एनसीआर के लोग मानसून का पिछले काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें इसे लेकर खुशखबरी मिलने वाली है। प्री-मानसून बारिश के बाद जल्द यहां झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिन में मानसून मध्य भारत के राज्य जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा। इसके बाद वह यूपी और दिल्ली की ओर तेजी से बढ़ेगा। बता दें कि मानसून ने दक्षिण भारत के बाद तेलंगाना, आंध्र प्रदेश से होते हुए ओडिशा, पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वी भारत की ओर दस्तक दे दी है। इसके कारण इन राज्यों में बारिश देखने को मिल रही है।
दिल्ली में कब होगी मानसून की एंट्री
दिल्ली एनसीआर के लोगों को अभी मानसून के लिए सप्ताहभर और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में मानसून की एंट्री 29 जून को हो सकती है। इससे पहले प्री-मॉनसून को बारिश भी लोगों को राहत देगी। मौसम विभाग ने मुताबिक रविवार से अगले 2-3 तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है। बता दें कि सप्ताह भर से दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में बिपरजॉय का असर देखा जा रहा है। कुछ दिनों से लगातार बूंदाबांदी देखने को मिल रही है।
सप्ताह भर कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की एंट्री से पहले लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार और शनिवार को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। रविवार से लेकर मंगलवार तक अच्छी बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री कम बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अब हीटवेव लोगों को परेशान नहीं करेगी। हालांकि उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है।