Delhi NCR Fog Forecast: दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अब मौसम विभाग की तरफ से गुरुवार सुबह दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत में कई जगह घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में गुरुवार सुबह के लिए घने कोहरा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
IMD की वैज्ञानिक सोमा सेन ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि उत्तर भारत के ऊपर से एक WD गुजरा है। इसके बाद बहुत तेज नॉर्थ वेस्टर्न हवाएं चली। इसकी वजह से, शुरू में कोहरे की एक परत थी और उस कोहरे ने तापमान को गिरने से रोक दिया।
उन्होंने आगे कहा कि आज हम उम्मीद कर रहे हैं कि हवाओं की स्पीड कम हो जाएगी। इसलिए आज सुबह की तुलना में आज रात और कल सुबह कोहरे की स्थिति बढ़ जाएगी। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
उन्होंने आगे कहा कि हम उत्तर भारत के शेष हिस्सों में 1-2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं। कल से, जैसे-जैसे हवाएं कमजोर होंगी, दक्षिण-पूर्वी हवाएं बहने लगेंगी। इसकी वजह से, हम उम्मीद कर रहे हैं कि तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा, नमी बढ़ेगी और इससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने लगेगी, साथ ही कोहरे की संभावना भी बढ़ जाएगी। हम कल सुबह दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जता रहे हैं।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में कुछ दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं एक मजबूत WD के सक्रिय होने से 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।