पंजाब से बड़ी संख्या में संख्या में किसान दिल्ली की ओर आ रहे हैं।MSP की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से दिल्ली आ रहे किसानों का मंगलवार को करीब 7 घंटे तक पुलिस से आमना-सामना हुआ। पंजाब के किसानों को हरियाणा पुलिस मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर रोकने में कामयाब रही। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने कई लेयर बैरिकेडिंग की हुई थी। किसानों ने कुछ बैरिकेड जरूर हटाए लेकिन वो पुलिस द्वारा ड्रोन से गिराए गए आंसू गैस के गोलों की वजह से अपने उद्देश्य में सफल नहीं हुए। शाम को मीडिया से बातचीत में पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास में एक ब्लैक डे के रूप में जाना जाएगा।किसानों के खिलाफ आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। हम यहां स्पीकर लगा रहे हैं और कल सुबह अपना कार्यक्रम फिर से शुरू करेंगे।

Live Updates

Delhi Farmers Protest: दिल्ली कूच करने से पहले पंजाब के किसानों ने गोल्डन टेंपल पर की अरदास

14:01 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: किसानों को कोई समस्या हुई तो हम उनके साथ- टिकैत

किसानों के प्रदर्शन पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि एमएसपी गारंटी कानून और स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट, बिजली संशोधन बिल और कर्ज माफी देशभर के किसानों के मुद्दे हैं। कई किसान यूनियन हैं और उनके अलग-अलग मुद्दे हैं। अगर सरकार दिल्ली की ओर मार्च कर रहे इन किसानों के लिए कोई समस्या पैदा करती है, तो हम उनका समर्थन करेंगे।

13:56 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: ट्रैक्टर से ना आएं किसान-अंबाला आईजी

किसानों के ‘दिल्ली चलो’ प्रदर्शन के दौरान अंबाला रेंज आईजी सिबाश कबिराज ने कहा कि हम पंजाब से आने वाले किसानों का स्वागत करते हैं। अगर किसान ट्रैक्टरों पर यात्रा करते हैं तो यह लोगों के लिए समस्याएं पैदा करेगा। वे बसों, ट्रेनों या पैदल यात्रा कर सकते हैं। वे ट्रैक्टरों पर आते हैं, हम उन्हें अनुमति नहीं देंगे। धारा 144 भी लगा दी गई है।

13:54 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest LIVE: राकेश टिकैत का पहला बयान

किसान मार्च के बीच राकेश टिकैत का बयान आया है। राकेश टिकैत इस समय बेंगलुरु में हैं। उन्होंने कहा – पूरे देश की प्रॉब्लम है एमएसपी गारंटी कानून, पूरे देश की प्रॉब्लम है स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट, बिजली अमेंडमेंट बिल, कर्जा… ये सारे मुद्दे हैं।

13:41 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest LIVE: ड्रोन से छोड़े जा रहे आंसू गैस के गोले

शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए पुलिस लगातार आंसू गैसे के गोले छोड़ रही है।

13:37 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest LIVE: किसान आंदोलन में विपक्षी दलों की राजनीति- किरोड़ी लाल मीणा

राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर आंदोलन किया जा रहा है। इसका मतलब है कि इसमें विपक्षी दल शामिल हैं। यह मार्च किसानों के लिए नहीं बल्कि नेताओं को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

13:35 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest LIVE: पंजाब से आ रहे किसानों का स्वागत है लेकिन ट्रैक्टर्स से नहीं आने दिया जाएगा- हरियाणा पुलिस

हरियाणा पुलिस के आईजी, अंबाला रेंज सिबाश कबिराज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम पंजाब से आने वाले किसानों का स्वागत करते हैं, लेकिन अगर वे ट्रैक्टरों पर यात्रा करते हैं तो यह लोगों के लिए समस्याएं पैदा करेगा। वे बसों, ट्रेनों या पैदल यात्रा कर सकते हैं। वे ट्रैक्टरों पर आते हैं, हम उन्हें अनुमति नहीं देंगे। धारा 144 भी लगा दी गई है…”

13:22 (IST) 13 Feb 2024
Delhi Kisan Andolan Live News: आम लोगों के लिए लालकिला बंद

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में लालकिला आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके बाहर बैरिकेडिंग की गई है। लालकिला की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है।

13:05 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: दीपेंद्र हुड्डा ने किया समर्थन

किसान आंदोलन का कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगें जायज हैं। किसान एमएसपी की मांग कर रहे हैं। इसे लागू किया जाना चाहिए।

12:46 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: शंभू बॉर्डर पर ड्रोन से रखी जा रही नजर

शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई है। किसानों को काबू करने के लिए पुलिस ड्रोन से पूरे इलाके में नजर रख रही है। ड्रोन से किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं।

12:19 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: डीएनडी पर भारी जाम

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी जाम लग गया है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग की गई है। इसके कारण नोएडा से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं। यहां लंबा जाम लगा हुआ है।

12:09 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: शंभू बॉर्डर पर भारी तनाव

अंबाला में शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई है। पुलिस ने किसानों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। किसानों को दिल्ली की ओर आगे बढ़ने से रोका गया है। यहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। किसान ने पुलिस पर पथराव भी किया है।

12:04 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: टिकरी बॉर्डर की ओर से कोई मार्च नहीं है- एसपी झज्जर

किसानों को मार्च को लेकर झज्जर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी झज्जर अर्पित जैन ने कहा कि यहां 11 कंपनियां तैनात हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यहां कोई कानून-व्यवस्था की स्थिति न हो और नागरिकों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। फिलहाल, टिकरी बॉर्डर की ओर कोई मार्च नहीं है। यहां स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

11:59 (IST) 13 Feb 2024
Delhi Farmers Protest Live News: बहादुरगढ़ में किसानों को रोकने के लिए लगाए बैरिकेड

किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरियाणा के बहादुरगढ़ में कंक्रीट स्लैब, कंटीले तार, पुलिस की तैनाती की गई है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

11:37 (IST) 13 Feb 2024
Farmers Protest Live News: किसानों को नहीं रोक कही पंजाब पुलिस

पंजाब से भारी संख्या में किसान दिल्ली के लिए कूच कर रहे हैं। अपनी मांगों पर दबाव बनाने के लिए प्रदर्शनकारी किसानों को पंजाब पुलिस ने राजपुरा बाईपास पार कर हरियाणा के अंबाला से दिल्ली की ओर जाने की अनुमति दी।

11:31 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: सरकार बातचीत के लिए हमेशा तैयार- अर्जुन मुंडा

किसानों के मार्च पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि हमें किसानों के हितों की परवाह है। अगर कोई इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है तो यह हमारी चिंता नहीं है। हम हमेशा बातचीत और चर्चा के लिए तैयार रहे हैं और हम सब कुछ करने के लिए तैयार हैं। इस मुद्दे का समाधान ढूंढना संभव है। यह मुद्दा राज्य सरकारों से भी जुड़ा है। हमें इस मुद्दे को समझने और इसे हल करने का तरीका खोजने के लिए समय चाहिए।

11:25 (IST) 13 Feb 2024
Delhi Kisan Andolan Live News: आईटीओ पर धारा-144 लागू

किसान के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के आईटीओ में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में धारा-144 लागू है।

11:04 (IST) 13 Feb 2024
Delhi Farmers Protest Live News: दिल्ली सरकार ने ठुकराया केंद्र का अनुरोध

किसानों के आज दिल्ली कूच के मद्देनजर बवाना स्टेडियम को जेल बनाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव को दिल्ली सरकार ने खारिज कर दिया है। केंद्र के प्रस्ताव पर दिल्ली सरकार के गृह मंत्री कैलाश गहलोत का कहना है कि किसानों की मांगें वास्तविक हैं। शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इसलिए किसानों को गिरफ्तार करना गलत है।

10:47 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: शंभू सीमा की ओर बढ़ रहे किसान

Kisan Andolan Live News: किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से अंबाला के पास शंभू सीमा की ओर बढ़ रहे हैं। किसान यूनियनों ने आज अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ‘दिल्ली चलो’ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।

10:46 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: हमारा लक्ष्य है कि किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से रोका जाए- दिल्ली ईस्टर्न रेंज के एडिशनल CP

Kisan Andolan Live News: दिल्ली ईस्टर्न रेंज के एडिशनल CP सागर सिंह कलसी ने कहा, “किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए ‘दिल्ली चलो’ विरोध मार्च को लेकर हमने बहुत कड़े इंतजाम किए हैं… हमारा लक्ष्य है कि किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से रोका जाए और ट्रैफिक को लेकर असुविधा ना हो… हमारी पूरी कोशिश है कि हम इस स्थिति से शांतिपूर्ण निपट लेंगे…”

10:45 (IST) 13 Feb 2024
Kisan Andolan Live News: सिंघू बॉर्डर पर यातायात बाधित

Kisan Andolan Live News: आज किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च से पहले सिंघू बॉर्डर पर यातायात बाधित हुआ।

09:56 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: केंद्रीय सचिवालय का गेट नंबर 2 बंद

किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए पूरी दिल्ली में धारा-144 लागू की गई है। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर-2 शाम तक बंद रहेगा। दिल्ली में कई स्थानों पर सुरक्षा तैनात की गई है।

09:35 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: दिल्ली के बॉर्डर पर भराी जाम

किसानों के मार्च के कारण दिल्ली के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। इससे भारी जाम लगा हुआ है। दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर कई किमी लंबा जाम लगा हुआ है। वहीं सिंघु बॉर्डर के भी ऐसे ही हाल हैं। टीकरी बॉर्डर पर वज्र वाहन तैनात किए गए हैं। दिल्ली-नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर भी भारी जाम लगा हुआ है।

09:30 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने लिखी CJI को चिट्ठी

किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आदिश अग्रवाल ने सीजेआई को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले किसानों पर उपद्रव पैदा करने और नागरिकों के दैनिक जीवन को परेशान करने का आरोप लगाते हुए स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने सीजेआई से अदालतों को निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया कि अदालतों के समक्ष वकीलों की गैर-मौजूदगी के कारण कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।

09:10 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: बहादुरगढ़ में भारी बल तैनात

किसान के दिल्ली चलो मार्च को लेकर हरियाणा में अर्ध सैनिक दलों की तैनाती की गई है। बहादुरगढ़ में भारी संख्या में बल तैनात किया गया है। किसानों को रोकने के लिए हरियाणा के सभी बॉर्डर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन से पूरे इलाके में नजर रखी जा रही है।

08:52 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: आगे क्या होता देखा जाएगा- किसान नेता लखविंदर सिंह

Farmer Protest LIVE: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में किसान नेता लखविंदर सिंह ने कहा, “…सभी लोग एकदम तैयार हैं। बैठक चल रही हैं… हम नहीं चाहते कि हमारी वजह से आम जनता को परेशानी हो… हमारी ओर से कोई परेशानी ना हो इसलिए हमने लंबी कतारे लगाई हैं… आगे क्या होता है देखा जाएगा।”

08:42 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: ड्रोन वीडियो

Farmer Protest LIVE: किसान संगठनों द्वारा आज बुलाए गए ‘दिल्ली चलो’ विरोध मार्च के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी की गई। देखें ड्रोन वीडियो-

08:07 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: 13-16 फरवरी तक आवाजाही के लिए मेट्रो के इस्तेमाल की अपील

Farmer Protest LIVE: नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले कामर्शियस वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। नोएडा पुलिस इन वाहनों को डायवर्ट करेगी। नोएडा पुलिस ने जनता से 13 से 16 फरवरी के बीच आवागमन के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।

07:25 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: किसानों के दिल्ली चलो मार्च को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा

Farmer Protest LIVE: किसानों के मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

07:23 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: दिल्ली की सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा

Farmer Protest LIVE: किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए ‘दिल्ली चलो’ विरोध मार्च के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

07:22 (IST) 13 Feb 2024
Farmer Protest LIVE: केंद्र किसी भी बात पर ठोस निर्णय नहीं ले सका- सरवन सिंह पंढेर

Farmer Protest LIVE: पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने कहा, “लगभग 5 घंटे तक हमारी मंत्रियों के साथ बैठक चली। हमने उनके सामने एक एजेंडा रखा था लेकिन केंद्र सरकार किसी भी बात पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले सकी। केंद्र सरकार हमसे समय मांग रही है। उन्होंने हमसे 2 साल पहले भी समय मांगा था, जब किसान आंदोलन खत्म हुआ था। अगर कोई ठोस प्रस्ताव होता तो हम समय देने के बारे में सोचते लेकिन उनके पास कुछ भी नहीं है…हमने उनसे कहा कि सरकार ऐलान कर दे कि वे MSP खरीद की गारंटी का कानून बनाएंगे… लेकिन इसपर भी सहमति नहीं बनी।”

Delhi Farmers Protest: फिरोजपुर से किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के 100 किसानों का जत्था शंभू बार्डर के लिए रवाना हुआ है, किसानों ने केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।