भाजपा ने शनिवार को 70 में से अपने 29 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित बारह में से पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है जिसमें आंबडेकर नगर को छोड़कर बाकी चार सीटों पर नए चेहरों पर दांव लगाया है। इस सूची में भाजपा ने सभी समुदायों के वोट बैंक को साधने की कोशिश की लेकिन वैश्य, जाट, सिख और ब्राह्मण समुदाय का दबदबा रहा है।
सूची में कई बड़े नेताओं के भी नाम
भाजपा ने पहली सूची में सबसे ज्यादा टिकट जाट समुदाय और वैश्य व पंजाबी वैश्य समुदाय के नेताओं को दिए गए हैं। जाट, गुर्जर और यादव समुदाय से टिकट हासिल करने वाले नेताओं की बात करें तो नई दिल्ली से परवेश साहिब सिंह वर्मा, बिजवासन से कैलाश गहलोत, नांगलोई जाट से मनोज शौकीन, रिठाला से कुलवंत राणा और बादली से दीपक चौधरी के अलावा छतरपुर से करतार सिंह तंवर, कालकाजी से रमेश बिधूड़ी और महरौली से गजेंद्र यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… केजरीवाल के ‘शीशमहल’ पर The Indian Express की खबर बनी चुनावी मुद्दा, PM मोदी ने साधा AAP संयोजक पर निशाना
भाजपा ने वैश्य और पंजाबी वैश्य समुदाय का विशेष ख्याल रखा है। पहली सूची में रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, शालीमार बाग से रेखा गुप्ता, माडल टाउन से अशोक गोयल, कृष्णा नगर से अनिल गोयल, घोंडा से अजय महावर और रोहताश नगर से जितेंद्र महाजन को टिकट दी गई है।
इस सूची में पंजाबी और सिख समुदाय का भी अच्छा दबदबा देखा जा सकता है। पार्टी ने अरविंदर सिंह लवली को गांधी नगर से चुनावी दंगल में उतारा है। इसके साथ ही राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा और तरविंदर सिंह मारवाह को जंगपुरा सीट से प्रत्याशी बनाया है।
यहां पढ़ें आज की बड़ी खबरें
उधर, पंजाबी समुदाय के राजकुमार भाटिया को आदर्श नगर और आशीष सूद को जनकपुरी से टिकट दिया गया है। पार्टी ने ब्राह्मण समुदाय के मतदाताओं को साधने के लिए भी हरसंभव कोशिश करते हुए चार सीटों पर प्रत्याशियों को उतारा है। इनमें विश्वास नगर से ओम प्रकाश शर्मा, मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय, बदरपुर से नारायण दत्त शर्मा और आरके पुरम से अनिल शर्मा पर भरोसा जताया है।
इस सूची में पटपड़गंज सीट ऐसी है जिस पर उत्तराखंड के पहाड़ी समाज को साधने के लिए फिर से रविंद्र कुमार नेगी को टिकट दिया गया है। अनुसूचित जाति की आरक्षित सीटों पर दूसरी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए नेताओं को उतारा है। इनमें जहां मंगोलपुरी से राजकुमार चौहान, सीमापुरी से कुमारी रिंकू, पटेल नगर से राजकुमार आनंद प्रमुख रूप से शामिल हैं। करोल बाग से दुष्यंत कुमार गौतम और आंबेडकर नगर से खुशीराम चुनार को टिकट दिया है।